नगर निगम कर्मियों की हड़ताल पांचवें दिन भी जारी, शहर में कचरे का अंबार
विरोध जताते सफाई कर्मी | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर नगर निगम के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल पांचवें दिन भी जारी है, जिससे शहर में कचरे का अंबार लग गया है. दैनिक सफाई कर्मियों को स्थायी करने जैसी मांगों को लेकर कर्मचारी अड़े हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है और संक्रमण फैलने की आशंका है.
Nagar Nigam Strike: बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले समस्तीपुर नगर निगम के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही. कर्मचारी तीन सूत्री समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हैं.
इन मांगों को लेकर जारी है आंदोलन
संघ के नेताओं ने बताया कि दैनिक सफाई कर्मियों को स्थायी करने, न्यूनतम वेतन लागू करने, आउटसोर्सिंग एवं ठेका प्रथा समाप्त करने, संविदा कर्मियों को नगर निगम कर्मियों का दर्जा देने, एसीपी/एमएसीपी लागू करने तथा बकाया राशि का भुगतान करने की मांग को लेकर हड़ताल जारी है. संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने दावा किया कि समस्तीपुर सहित पूरे बिहार में आंदोलन को व्यापक समर्थन मिल रहा है.
शहर में कचरे का अंबार, लोगों की बढ़ी परेशानी
हड़ताल के कारण शहर की नियमित साफ-सफाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है. आरएसबी इंटर कॉलेज रोड, कचहरी रोड, भोला टॉकीज चौक, जिला परिषद कार्यालय के सामने, काशीपुर समेत कई इलाकों में कचरा जमा हो गया है. सड़क किनारे पड़े कचरे से दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
संक्रमण फैलने की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरे के ढेर पर आवारा पशु पहुंचकर उसे इधर-उधर फैला रहे हैं, जिससे गंदगी और बढ़ रही है. लगातार पांच दिनों से सफाई व्यवस्था बाधित रहने के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है.
जल्द समाधान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने बिहार सरकार और नगर निगम प्रशासन से कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर हड़ताल समाप्त कराने तथा शहर की नियमित सफाई व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: पॉक्सो आरोपित कोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा से फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










