पहली सोमवारी पर उगना महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भीड़ के बीच चेन स्नेचिंग की घटनाएं

Updated:
विज्ञापन

उगना महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब | Prabhat Khabar Network

सावन की पहली सोमवारी और नागपंचमी के दुर्लभ संयोग पर मिथिला के उगना महादेव विद्यापतिधाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. लाखों कांवरियों ने गंगाजल से जलाभिषेक किया. हालांकि, भारी भीड़ के कारण अव्यवस्था और आभूषण चोरी की घटनाओं ने श्रद्धालुओं की आस्था पर सवाल खड़े कर दिए.

विज्ञापन

Ugna Mahadev Temple: सावन की पहली सोमवारी और नागपंचमी के दुर्लभ संयोग पर सोमवार को मिथिला के प्रसिद्ध उगना महादेव विद्यापतिधाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा. भोर से पहले ही गंगा तट और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. कांवरियों और श्रद्धालुओं ने गंगाजल से भगवान उगना महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण की कामना की.

दिनभर गूंजते रहे 'हर-हर महादेव' के जयघोष

गंगा घाट से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी रही. बड़ी संख्या में कांवरिये रात से ही गंगा तट पर डेरा डाले हुए थे. सुबह होते ही पूरा मार्ग केसरिया वस्त्रधारी शिवभक्तों से भर गया और पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव' तथा 'बोल बम' के जयघोष से गुंजायमान रहा.

भीड़ प्रबंधन पर उठे सवाल

भारी भीड़ के कारण गर्भगृह तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को धक्का-मुक्की और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा. कई स्थानों पर कतारबद्ध व्यवस्था बार-बार टूटती रही. श्रद्धालुओं ने कहा कि दर्शन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है.

मंदिर परिसर में कुछ स्थानीय पंडों द्वारा पूजा-अर्चना और चंदन-टीका के नाम पर श्रद्धालुओं के बीच प्रतिस्पर्धा भी चर्चा का विषय रही.

महिला श्रद्धालुओं के आभूषण चोरी

आस्था के इस महापर्व पर असामाजिक तत्व भी सक्रिय रहे. मंदिर परिसर और गर्भगृह में कई महिला श्रद्धालुओं के गले, कान और नाक के आभूषण चोरी होने की शिकायतें सामने आईं.

साहिट गांव की श्रद्धालु गीता देवी ने जलाभिषेक के दौरान अपना सोने का मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत पुलिस से की है. हालांकि अधिकांश पीड़ितों ने भीड़ और अन्य कारणों से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई.

श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के बावजूद चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.


विज्ञापन
Krishan Mohan Pathak

लेखक के बारे में

By Krishan Mohan Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन