समस्तीपुर: लूटपाट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

गोलीबारी घायल इलाजरत युवक
Samastipur News: उजियारपुर में अपाचे सवार बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर शंभू सिंह नामक युवक को गोली मारकर जख्मी कर दिया. घायल का इलाज निजी अस्पताल में जारी है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पढ़ें पूरी खबर…
Samastipur News: जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. शनिवार शाम जनकपुर ब्रह्मस्थान के समीप बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवक की पहचान जनकपुर वार्ड तीन निवासी सीताराम सिंह के पुत्र शंभू सिंह के रूप में हुई है. वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया है. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत समस्तीपुर शहर के एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
लूटपाट का विरोध करने पर अपराधियों ने चलाई गोली
ग्रामीणों के मुताबिक, शनिवार शाम जनकपुर ब्रह्मस्थान के पास एक अपाचे बाइक पर सवार दो हथियारबंद बदमाश एक राहगीर से लूटपाट कर रहे थे. शोर सुनकर शंभू सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया. खुद को घिरता देख अपराधियों ने शंभू सिंह पर फायरिंग कर दी. गोली शंभू के कमर के पास लगी और वह वहीं गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
फायरिंग और चीख-पुकार सुनकर जब तक भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हुए, तब तक अपराधी भाग चुके थे. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और दावा है कि उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
समस्तीपुर से अंकुर की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










