समस्तीपुर: भूमि विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, दारोगा का गला दबाया, सर्विस रिवॉल्वर छीनने की कोशिश

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 11 Jun 2026 9:06 PM

विज्ञापन

विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला

Samastipur News: समस्तीपुर के अंगारघाट में भूमि विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम पर हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया. दारोगा का गला दबाकर रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर रेवाड़ी गांव में भूमि विवाद को लेकर हो रहे झगड़े को सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया. इस दुस्साहसिक घटना में अंगारघाट के अपर थानाध्यक्ष (दारोगा) धीरेंद्र सिंह का गला दबाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया गया. हमलावरों ने उनके कमर से सर्विस रिवॉल्वर भी छीनने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण वे इसमें असफल रहे. इस दौरान पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए मौके से एक महिला समेत तीन हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया. चोटिल दारोगा धीरेंद्र सिंह ने समस्तीपुर सदर अस्पताल में अपना इलाज कराया है.

डायल 112 की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, अपराधियों ने घेरा

दलसिंहसराय के सर्किल इंस्पेक्टर पिंकी प्रसाद ने बताया कि बुधवार की रात लगभग 10 बजे अंगारघाट थाने की डायल 112 पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि हरपुर रेवाड़ी गांव में सुरेश साह के पुत्र शिवम कुमार और सूरज सोनी के बीच विवाद हो रहा है. सूचना पर जब अपर थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची, तो वहां मौजूद आरोपियों ने अपने समर्थकों के साथ पुलिस टीम पर ही धावा बोल दिया. पुलिस ने इस मामले में 5 नामजद और 10 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

एक महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश तेज

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेवाड़ी (वार्ड संख्या 9) निवासी सुखलाल साह के दो पुत्रों सूरज कुमार उर्फ सूरज सोनी और आलोक कुमार उर्फ आलोक सोनी को गिरफ्तार कर लिया है. इनके साथ ही नरेश साह की पत्नी राज कुमारी देवी को भी पुलिस पर हमला करने के आरोप में पकड़ा गया है. सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन