Samastipur News: टीआरई-4 अभ्यर्थियों से शिक्षा मंत्री की अपील, आंदोलन का रास्ता छोड़ें

Published by : Purushottam Kumar Updated At : 16 May 2026 7:35 PM

विज्ञापन

Samastipur News: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक शिक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. उन्होंने 'हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान' योजना और टीआरई-4 बहाली को लेकर बड़ी बातें कहीं. जानिए खबर विस्तार से…

विज्ञापन

Samastipur News: बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा रोजगार सहित हो और पूरी तरह संस्कार से युक्त हो, इसके लिए सरकार हर स्तर पर प्रयासरत है. उक्त बातें बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कही. वे शनिवार को समस्तीपुर परिसदन में प्रेस को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल सरकारी अधिकारियों के भरोसे नहीं चल सकता है, इसमें सामाजिक स्तर पर जनभागीदारी होना जरूरी है.

‘हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार

शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से ‘हमारा विद्यालय हमारा स्वाभिमान’ कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है, जो अगले एक सप्ताह में क्रियान्वित होगा. इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सरकारी विद्यालय से एक ऐसे व्यक्ति का चयन किया जाएगा, जो उसी विद्यालय से पढ़ा हो और वर्तमान में देश-प्रदेश में किसी उच्च पद पर हो. उनसे उस विद्यालय को गोद लेने का आग्रह किया जाएगा. इसके बाद सरकार सीएसआर (CSR) और सामाजिक सहयोग के माध्यम से उस विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाएगी.

निजी विद्यालयों की मनमानी पर लगेगी रोक

निजी विद्यालयों की मनमानी पर बोलते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार कानून में परिवर्तन करने जा रहे हैं. स्कूलों को एनओसी (NOC) देने की जो पद्धति थी, उसे बदला जा रहा है. अब सरकार का नियंत्रण केवल एनओसी देने तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जो भी विद्यालय तय लक्ष्मण रेखा को पार करेगा, उसपर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

टीआरई-4 (TRE 4) बहाली की रुकावटें होंगी दूर, आंदोलन छोड़ सरकार से बात करें अभ्यर्थी

टीआरई चार की बहाली को लेकर उन्होंने कहा कि जल्द ही इसके सुखद परिणाम मिलेंगे. मंत्रालय स्तर पर सभी अधिकारियों को काम पर लगा रखा है और अगले सप्ताह कामकाज की समीक्षा की जाएगी. उन्होंने टीआरई चार के सभी अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे में न आएं, आंदोलन का रास्ता छोड़ सीधे सरकार से बात करें. सरकार उनकी सभी समस्याओं को सुनकर समाधान करेगी.

शिक्षा मंत्री का एनडीए कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत, अधिकारियों संग की बैठक

समस्तीपुर परिसदन में शनिवार को एनडीए के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का भव्य स्वागत किया. इससे पूर्व उन्होंने एनडीए घटक दल के जिलाध्यक्षों व अधिकारियों के साथ बैठक कर फीडबैक लिया. उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को त्वरित निदान का विभाग बनाना उनका लक्ष्य है, ताकि किसी को डीओ (DO) ऑफिस का चक्कर न काटना पड़े. मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष शशिधर झा, नीलम सहनी, हम के जिलाध्यक्ष धीरज ठाकुर, जदयू जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, लोजपा जिलाध्यक्ष हीरा सिंह, विधान पार्षद तरुण चौधरी, विधायक वीरेंद्र कुमार, मनोज गुप्ता, बिमल कुमार गोलू और वीरेंद्र यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.

विज्ञापन
Purushottam Kumar

लेखक के बारे में

By Purushottam Kumar

Purushottam Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन