ePaper

Samastipur news:एक किलो सोना खरीदने के लिए दलसिंहसराय बुलाकर सोनार का किया था अपहरण

Updated at : 11 Apr 2025 11:28 PM (IST)
विज्ञापन
Samastipur news:एक किलो सोना खरीदने के लिए दलसिंहसराय बुलाकर सोनार का किया था अपहरण

बेगूसराय के खोदावनपुर से एक किलो सोना खरीदने दलसिंहसराय आये सोनार राजीव कुमार का अपहरण कर 20 लाख की फिरौती की रकम लेने आये बदमाश को दलसिंहसराय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

Samastipur news:दलसिंहसराय : बेगूसराय के खोदावनपुर से एक किलो सोना खरीदने दलसिंहसराय आये सोनार राजीव कुमार का अपहरण कर 20 लाख की फिरौती की रकम लेने आये बदमाश को दलसिंहसराय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने थाना परिसर में प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि बेगूसराय जिले के खोदावनपुर थाना क्षेत्र के तारा बरियारपुर गांव निवासी सोनार राजीव कुमार अपनी पत्नी बबीता देवी और बेटे के साथ दलसिंहसराय आये थे. राजीव और उसकी पत्नी सोने की खरीद-बिक्री का काम करते हैं. इसी दौरान अवधेश नाम के व्यक्ति ने 9 अप्रैल को राजीव को फोन कर कहा कि उसके पास एक किलो सोना है, जिसे खरीदने के लिए वह दलसिंहसराय आ जाये.

– 20 लाख रुपये की फिरौती राशि लेने आये बदमाश

इसके बाद राजीव, बबीता और बेटा दलसिंहसराय स्टेशन पहुंचे. स्टेशन के सामने मिठाई दुकान पर अवधेश से मुलाकात हुई. कुछ देर बाद अवधेश, राजीव को अपने साथ ले गया. बबीता देवी अपने बेटे के साथ स्टेशन के पास रुक गई. काफी देर तक पति के नहीं लौटने पर उन्होंने फोन किया. राजीव ने बताया कि अवधेश ने उसका अपहरण कर लिया है और 20 लाख की फिरौती मांगी जा रही है. पैसा नहीं देने पर हत्या की धमकी दी गई. इसके बाद अवधेश ने भी बबीता को फोन कर फिरौती की मांग दोहराई. इसके बाद बबीता देवी ने तुरंत दलसिंहसराय थाना को सूचना दी. पुलिस ने बबीता के सहयोग से अपराधियों को विश्वास में लेकर फिरौती की रकम देने के बहाने दलसिंहसराय स्टेशन के पास बुलाया. इस दौरान छापेमारी कर राजीव को पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया गया.

– दलसिंहसराय पुलिस ने किया गिरफ्तार

वहीं फिरौती की रकम लेने आये एक बदमाश बेगूसराय के मंसूरचक थाना क्षेत्र के अहियारपुर गांव निवासी संतोष कुमार चौधरी के पुत्र आरोपी केशव कुमार को पुलिस ने पीछा करते हुए गिरफ्तार किया. उसके साथ आये अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठा बाइक छोड़ कर भागने में सफल रहे हैं. डीएसपी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पुलिस को राजीव के आपराधिक इतिहास का भी पता चला है. जिसे लेकर छानबीन की जा रही है. पुलिस ने मौके से एक स्प्लेंडर और एक अपाचे बाइक, दो मोबाइल भी जब्त किये हैं. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष ईरशाद आलम, दरोगा राजीवलाल पंडित, रंजीत कुमार सिंह, राजेश कुमार, राहुल कश्यप सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PREM KUMAR

लेखक के बारे में

By PREM KUMAR

PREM KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन