जिसे बचाने के लिए लौटी थी ससुराल, उसी पति ने रॉड से पीटकर ले ली जान

Updated:
विज्ञापन
harpur-bhindi-murder-case-samastipur-husband-kills-wife-with-iron-rod

सांकेतिक तस्वीर

Harpur Bhindi Murder Case: समस्तीपुर के हरपुर भिंडी पंचायत में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. मृतका 10 दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी.

विज्ञापन

Harpur Bhindi Murder Case: समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत ताजपुर थाना क्षेत्र की हरपुर भिंडी पंचायत में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही ताजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति विक्की कुमार को गिरफ्तार कर लिया.

देर रात घर से बाहर ले जाकर किया हमला

स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार देर रात आरोपी विक्की कुमार ने अपनी पत्नी सोनी देवी पर लोहे की रॉड से कई वार किए. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना शैलेश स्थान मंदिर परिसर के पास हुई, जहां खून फैल जाने से पूरा परिसर रक्तरंजित हो गया. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी.

10 दिन पहले ही मायके से लौटी थी ससुराल

मृतका के पिता सरायरंजन प्रखंड के बरबट्टा निवासी लालबाबू साह ने बताया कि तीन वर्ष पहले बेटी की शादी विक्की कुमार से हुई थी. पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहने के बावजूद बेटी ने घर बचाने का फैसला किया और दूसरी शादी से इनकार कर लगभग 10 दिन पहले अपनी इच्छा से ससुराल लौट आई थी. परिवार उसकी दूसरी शादी की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसने पति के साथ रहने का निर्णय लिया था.

आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो आरोपी के परिवार के लोग घर छोड़कर फरार मिले. इसके बाद ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार की व्यवस्था कराई.

मानसिक स्थिति और पारिवारिक विवाद की जांच

पूर्व मुखिया सुरेंद्र राय ‘अटल’ ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और परिवार में अक्सर विवाद होता था. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. ताजपुर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के कारणों की विस्तृत जांच जारी है.

विज्ञापन
Manoj Kumar Verma

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Verma

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन