समस्तीपुर: जमीन विवाद में मारपीट, दूसरे पक्ष ने पिस्तौल दिखाकर धमकाने का लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन
समस्तीपुर: ज़मीन विवाद में खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों ने...

समस्तीपुर: जमीन विवाद में मारपीट, दूसरे पक्ष ने पिस्तौल दिखाकर धमकाने का लगाया आरोप

समस्तीपुर के विभूतिपुर में जमीन विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया है। एक पक्ष पर लाठी-डंडों और लोहे के औजारों से हमला करने का आरोप है, जबकि दूसरे पक्ष ने पिस्तौल के बल पर धमकी और जबरन हस्ताक्षर कराने का दावा किया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों पर जांच कर रही है।

विज्ञापन

Samastipur Crime: समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. कोरबद्धा टभका वार्ड-5 में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक पक्ष ने लाठी-डंडे और लोहे के औजार से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने पिस्तौल के बल पर धमकाने, सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराने और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है. पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि दूसरे पक्ष के आवेदन की भी जांच की जा रही है.

जमीन पर खूंटा गाड़ने के विवाद में मारपीट का आरोप

प्रथम पक्ष के मंजय लाल महतो ने विभूतिपुर थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 14 जुलाई को संजीत कुमार उर्फ संजू उन्हें घर के पास स्थित जमीन पर ले गया. वहां जमीन को अपनी बताते हुए रखे सामान को हटाने के लिए कहा. विरोध करने पर संजीत कुमार ने कथित तौर पर जमीन पर जबरन खूंटा गाड़ना शुरू कर दिया.

मंजय लाल का आरोप है कि विरोध करने पर रामविलास महतो, मनीष कुमार और संदीप कुमार भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडे से मारपीट की. उन्होंने आरोप लगाया कि संजीत कुमार और रामविलास महतो ने लोहे के औजार से सिर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

दूसरे पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

दूसरे पक्ष की संगम कुमारी ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 10 जुलाई को मंजय लाल महतो सहित अन्य लोग उनके घर पहुंचे और पिस्तौल दिखाकर पूरे परिवार को धमकाया. आवेदन में यह भी कहा गया है कि उन्हें डायन बताकर परिवार के एक सदस्य की बीमारी का जिम्मेदार ठहराया गया.

महिला का आरोप है कि 14 जुलाई को आरोपित दोबारा उनके घर पहुंचे और इलाज में खर्च हुए 60 हजार रुपये की मांग करने लगे. विरोध करने पर पिस्तौल के बल पर उनसे, उनके पति और गोतनी से सादे कागज पर जबरन हस्ताक्षर कराए गए. साथ ही उन्हें जमीन पर पटककर गला दबाने का भी प्रयास किया गया.

पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की कर रही जांच

विभूतिपुर थाना पुलिस ने मंजय लाल महतो के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, संगम कुमारी के आवेदन को भी पुलिस ने स्वीकार कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Krishan Mohan Pathak

लेखक के बारे में

By Krishan Mohan Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन