समस्तीपुर जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: वाशिंग पिट यार्ड से चोरी के केबल और पेंड्रोल क्लिप के साथ नाबालिग दबोचा
गिरफ्तार नाबालिग | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर रेलवे जंक्शन पर आरपीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है. एक नाबालिग को रेल कोच के बिजली तार और पेंड्रोल क्लिप चोरी करते पकड़ा गया. नशे की लत के कारण कर रहा था चोरी.
रेलवे चोरी आरपीएफ: स्थानीय समस्तीपुर रेलवे जंक्शन पर रेल संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को अहम कामयाबी मिली है. आरपीएफ की गश्ती टीम ने वाशिंग पिट पूर्वी यार्ड से रेल कोच के बिजली के तार और रेलवे ट्रैक से जुड़े पेंड्रोल क्लिप चोरी करते हुए एक नाबालिग को रंगेहाथ पकड़ लिया.
गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी
आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक अविनाश क्रोशिया के नेतृत्व में रेल यार्ड की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीम तैनात की गई थी. सउनि शशिकांत तिवारी, प्रधान आरक्षी राधेश्याम कुमार, आरक्षी अवधेश कुमार झा, आरक्षी आमोद कुमार झा वाशिंग पिट ड्यूटी पर तैनात थे. वहीं आरक्षी जितेंद्र कुमार साह और अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) के आरक्षी दीपक कुमार वाशिंग पिट पूर्वी यार्ड में मुस्तैदी से गश्त कर रहे थे. इसी दौरान सिग्नल बॉक्स से केबल काटकर भागने की फिराक में लगे एक लड़के को मथुरापुर घाट के पास शक के आधार पर घेराबंदी कर पकड़ा गया.
बोरे की तलाशी में बरामद सामान
हिरासत में लिए गए किशोर के पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे की जब आरपीएफ जवानों ने सघन तलाशी ली, तो उसमें से रेलवे की कई महत्वपूर्ण सामग्रियां बरामद हुईं:
- लगभग चार मीटर लंबा (25 एमएम) सिग्नल बॉक्स अर्थिंग कॉपर केबल.
- रेलवे लाइन में इस्तेमाल होने वाले 18 अदद पेंड्रोल क्लिप.
- रेल कोच और सिग्नलिंग से जुड़े अन्य चोरी के उपकरण.
नशे की लत बनी चोरी की वजह
पूछताछ के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पकड़ा गया किशोर नशे की लत का शिकार है. वह अपनी इस लत को पूरा करने के लिए रेल यार्ड और वाशिंग पिट में खड़ी ट्रेनों के कोच से केबल काटता था तथा यार्ड में बिखरा रेलवे का लोहा चुराता था. इन चुराए गए सामानों को वह फेरीवालों और कबाड़ियों को औने-पौने दाम में बेचकर पैसे जुटाता था.
रेल अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज
बरामद सामान को जब्त करते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 3 रेलवे संपत्ति (विधि विरुद्ध कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
ये भी पढ़ें: सास को लूटने के बाद हत्या की थी साजिश! शिवाजीनगर कांड में बड़ी बहू मास्टरमाइंड, एक गिरफ्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए