समस्तीपुर में दर्दनाक हादसा, पोते को बचाने गई दादी भी तालाब में डूबी

Updated:
विज्ञापन
Family members mourning after grandmother and grandson died in a pond drowning incident in Vibhutipur, Samastipur.

विलाप करते परिजन

समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर परोही गांव में तालाब में डूबने से दादी और पोते की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पोते को बचाने के प्रयास में दादी भी पानी में डूब गईं. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है. पढ़ें पूरी खबर..

विज्ञापन

Samastipur News: विभूतिपुर थाना क्षेत्र के चकहबीब पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या एक शाहपुर परोही गांव में एक दर्दनाक हादसे में दादी और पोते की तालाब में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतकों की पहचान स्वर्गीय गंगा चौधरी की 50 वर्षीय पत्नी विभा देवी और उनके आठ वर्षीय पोते अंकित कुमार चौधरी के रूप में हुई है. अंकित, बाबुल कुमार चौधरी का पुत्र था.

पोते को बचाने के दौरान हुई दुर्घटना

परिजनों के अनुसार अंकित घर के समीप स्थित पोखरे के पास खेल रहा था. आशंका है कि इसी दौरान वह फिसलकर तालाब में गिर गया. बच्चे को डूबता देख उसकी दादी विभा देवी उसे बचाने के लिए पानी में उतर गईं, लेकिन दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए. घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अंकित परिवार का सबसे छोटा और इकलौता बच्चा था. उसकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है. वहीं विभा देवी परिवार की बुजुर्ग सदस्य थीं और घर-परिवार की जिम्मेदारी संभालती थीं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

सूचना मिलने पर विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले की जांच की जा रही है.

खुले तालाबों को लेकर उठे सवाल

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई खुले तालाब और पोखर हैं, जहां बच्चे अक्सर खेलने जाते हैं. कई बार सुरक्षा व्यवस्था और घेराबंदी की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है.

स्थानीय पैक्स अध्यक्ष शशिकांत झा समेत कई लोगों ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन