महंगाई-बेरोजगारी के खिलाफ सड़कों पर उतरी माकपा, प्रखंड मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

प्रदर्शन करते कार्यकर्ता
दलसिंहसराय में कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सोमवार को प्रखंड मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार पर जमकर निशाना साधा.
Samastipur News: दलसिंहसराय में कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) की स्थानीय कमिटी के तत्वावधान में सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के विरोध में सोमवार को प्रखंड मुख्यालय पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व रामसेवक राय ने किया. इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार, अनुमंडल प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.
Dalsinghsarai News: एनएच-28 चौक से निकाला गया जुलूस
प्रदर्शन की शुरुआत एनएच-28 चौक से हुई. यहां से बड़ी संख्या में माकपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जुलूस निकाला. नारेबाजी करते हुए जुलूस प्रखंड परिसर पहुंचा, जहां सभा का आयोजन किया गया. सभा में नेताओं ने सरकार की नीतियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की.
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का उठाया मुद्दा
सभा को संबोधित करते हुए माकपा अंचल सचिव नीलम देवी ने कहा कि वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की मार झेल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पर लगातार नए-नए करों का बोझ डाला जा रहा है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होती जा रही है.
होल्डिंग टैक्स और टोल टैक्स वापस लेने की मांग
वक्ताओं ने होल्डिंग टैक्स एवं टोल टैक्स वापस लेने, राशन से वंचित लोगों का नाम जोड़ने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की. विभिन्न आपराधिक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी उठाई गई. नीलम देवी ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर माकपा का विरोध सड़क से सदन तक जारी रहेगा.
बीडीओ को सौंपा मांगों से संबंधित ज्ञापन
सभा को विधानचंद्र, महेंद्र सिंह, रामनारायण सिंह, अर्जुन राय, रंजीत राय, राहुल कुमार, अर्जुन यादव, पप्पू रॉय एवं साजन राय ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम के अंत में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मांगों से संबंधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपकर अविलंब कार्रवाई की मांग की.
विद्यापतिनगर में भी प्रदर्शन की घोषणा
सभा के समापन पर माकपा नेताओं ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा. नेताओं ने 28 जुलाई को विद्यापतिनगर प्रखंड मुख्यालय पर आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन करने की घोषणा की.
यह भी पढ़ें: कुशेश्वरस्थान में कोसी का तेज कटाव, पांच एकड़ उपजाऊ जमीन नदी में समायी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










