Samastipur News: शहर के 33 स्थानों पर लगेंगे 100 से अधिक हाईटेक CCTV कैमरे, डायल-112 से होगी निगरानी

शहर के स्टेडियम गोलंबर पर लगा सीसीटीवी कैमरा | Prabhat Khabar Network
समस्तीपुर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर निगम ने एक बड़ी पहल की है. प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर 100 से अधिक हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी डायल-112 कंट्रोल रूम से 24 घंटे की जाएगी.
Samastipur News: शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा तकनीक से लैस बनाने के लिए नगर निगम ने नई पहल शुरू की है. इसके तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, मुख्य मार्गों, प्रवेश द्वारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर 100 से अधिक हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. इसके लिए नगर निगम ने 33 प्रमुख स्थलों को चिह्नित किया है, जहां तेजी से कैमरे लगाने का कार्य चल रहा है.
डायल-112 कंट्रोल रूम से होगी 24 घंटे निगरानी
परियोजना पूरी होने के बाद पुलिस विभाग के डायल-112 कंट्रोल रूम से पूरे शहर की 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी. नगर निगम ने कैमरे लगाने की जिम्मेदारी एक आउटसोर्सिंग एजेंसी को सौंपी है. सभी कैमरे स्थापित होने के बाद आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां बड़ी स्क्रीन के माध्यम से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी.
तीन तरह के आधुनिक कैमरे होंगे स्थापित
नगर प्रबंधक रघुनाथ पासवान ने बताया कि कैमरों की लोकेशन और एंगल इस प्रकार तय किए जा रहे हैं कि मुख्य सड़कों से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की स्पष्ट निगरानी हो सके. उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत तीन प्रकार के आधुनिक कैमरे लगाए जा रहे हैं.
- पीटीजेड (PTZ) कैमरे बड़े क्षेत्र की निगरानी करने के साथ कम रोशनी और अधिक दूरी पर भी स्पष्ट तस्वीर उपलब्ध कराएंगे.
- एएनपीआर (ANPR) कैमरे तेज गति से गुजरने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्वतः पहचान सकेंगे.
- बुलेट कैमरे शहर के प्रवेश और निकास द्वारों सहित महत्वपूर्ण स्थानों पर लगातार निगरानी रखेंगे.
बिजली, बैटरी और सोलर से जुड़े रहेंगे कैमरे
नगर प्रबंधक ने बताया कि सभी कैमरों को बिजली के साथ-साथ बैटरी और सोलर पैनल से भी जोड़ा जा रहा है, ताकि किसी भी परिस्थिति में निगरानी व्यवस्था बाधित न हो.
अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
अधिकारियों के अनुसार हाईटेक निगरानी प्रणाली लागू होने से असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा. संदिग्ध गतिविधियों की पहचान, सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की जांच में पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध होंगे. इससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और मजबूत होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










