लड़ुई-नवटोलिया मार्ग पर दो बाइक की टक्कर, दो युवकों की मौत

Updated:
विज्ञापन
घायल का इलाज करते चिकित्सक.

घायल का इलाज करते चिकित्सक.

हवेली खड़गपुर के लड़ुई-नवटोलिया मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई. एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है. हादसे से दोनों परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं.

विज्ञापन

हवेली खड़गपुर (मुंगेर) . प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली. श्यामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लड़ुई-नवटोलिया मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में धपरी गांव के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हवेली खड़गपुर में करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर रेफर कर दिया गया.

मृतकों और घायल की हुई पहचान

मृतकों की पहचान धपरी गांव निवासी पुरुषोत्तम मंडल के 22 वर्षीय पुत्र बिट्टू मंडल तथा अपील सिंह के 27 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है. वहीं दुर्घटना में बरियारपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी सुरेश दास के पुत्र पिंटू दास गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मोटरसाइकिलें विपरीत दिशा से आ रही थीं. लड़ुई-नवटोलिया मार्ग पर आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मोटरसाइकिलों के परखच्चे उड़ गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल श्यामपुर थाना पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हवेली खड़गपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बिट्टू मंडल और सूरज कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं पिंटू दास की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल, मुंगेर रेफर कर दिया गया.

गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

दोनों मृतक एक ही गांव धपरी के रहने वाले थे. हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में महिलाओं की चीत्कार और परिजनों का विलाप देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं. गांव में शोक की लहर दौड़ गई और देर शाम तक लोगों की भीड़ मृतकों के घरों पर जुटी रही. श्यामपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है.

सड़क हादसे लगातार बन रहे जानलेवा

हवेली खड़गपुर अनुमंडल एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन तेज रफ्तार, यातायात नियमों की अनदेखी, बिना हेलमेट वाहन चलाना तथा लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है. इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर अपेक्षित जागरूकता और प्रभावी कार्रवाई का अभाव दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था, नियमित वाहन जांच अभियान, चेतावनी संकेतक तथा पुलिस की गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.

ALSO READ : बिहार में 22 हजार पदों पर आंगनबाड़ी भर्ती, बंद चीनी मिलें होंगी चालू, जमुई में बनेंगे दो नए पुल, सम्राट कैबिनेट की बैठक में 24 एजेंडों पर मुहर


विज्ञापन
सौरभ कुमार

लेखक के बारे में

By सौरभ कुमार

सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन