भारत के मुक्केबाजों का जलवा, CWG 2026 में 9 पदक पक्के; शॉटपुट फाइनल में पहुंचे तूर और गिल
नरेंद्र बेरवाल (फोटो- सोशल मीडिया)
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है. बुधवार को पांच और मुक्केबाजों के सेमीफाइनल में पहुंचने से भारत के लिए नौ पदक पक्के हो गए हैं. यह प्रदर्शन 2022 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ गया है.
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. बुधवार को भारत के पांच और मुक्केबाजों ने अपने-अपने वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर देश के लिए पांच और पदक पक्के कर दिए. इसके साथ ही अब भारत के कुल नौ मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं, जिससे कम से कम नौ कांस्य पदक सुनिश्चित हो गए हैं.
बुधवार को अंकुश पंघाल (80 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अरूंधति चौधरी (70 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा) और नरेंद्र बेरवाल (+90 किग्रा) ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर अंतिम चार में जगह बनाई. इससे पहले लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा) और जादूमणि सिंह (55 किग्रा) भी सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक पक्का कर चुके थे.
View on Instagram
2022 के रिकॉर्ड को भी तोड़ा
भारत का यह प्रदर्शन बर्मिंघम 2022 के रिकॉर्ड से भी बेहतर रहा है. पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने मुक्केबाजी में 7 पदक (3 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य) जीते थे, जबकि इस बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ियों की संख्या ही नौ हो चुकी है.
शॉटपुट में तूर और गिल ने दिखाई दमदार ताकत
एथलेटिक्स में भारत के अनुभवी शॉटपुट खिलाड़ी तेजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल ने पुरुषों के शॉटपुट फाइनल में जगह बनाकर पदक की उम्मीदें कायम रखी हैं. राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तूर ने अपने दूसरे प्रयास में 20.14 मीटर का थ्रो कर सीधे फाइनल का टिकट हासिल किया. वहीं गिल ने 19.95 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते हुए फाइनल में प्रवेश किया.
अनिमेष कुजूर सेमीफाइनल में
राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी धावक अनिमेष कुजूर ने पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा में सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई. उन्होंने 20.46 सेकंड का समय निकालकर अपनी हीट जीती और कुल सातवें स्थान पर रहे.
भारोत्तोलन और तैराकी से निराशा
भारोत्तोलन में संजना महिलाओं के 77 किलोग्राम वर्ग से बाहर हो गईं. स्नैच में उनके तीनों प्रयास असफल रहे, जिसके कारण वह क्लीन एंड जर्क तक भी नहीं पहुंच सकीं. तैराकी में भी भारत को निराशा हाथ लगी. अनुभवी तैराक साजन प्रकाश और युवा अनीश गौड़ा पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके. हालांकि, पैरा तैराकी में भारत के लिए अच्छी खबर रही. सुयश नारायण जाधव और चैतन्य विश्वास कुलकर्णी ने पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस-7 स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया.
ये भी पढ़ें: IPL की सबसे वैल्यूएबल टीम बनी RCB, मुंबई इंडियंस और KKR को छोड़ा पीछे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए