ससुर की गला रेतकर हत्या करने वाला दामाद व रिश्तेदार गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद

Updated:
विज्ञापन
प्रेस वार्ता कर पकडे गए आरोपित के बारे में जानकारी देते एएसपी संजय पाण्डेय  | Prabhat Khabar Network

प्रेस वार्ता कर पकडे गए आरोपित के बारे में जानकारी देते एएसपी संजय पाण्डेय | Prabhat Khabar Network

मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक अधेड़ की गला रेतकर हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के दामाद और एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

विज्ञापन

मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बनघरा टोल, रुपौली वार्ड संख्या-7 में 27 जुलाई की रात एक अधेड़ की गला रेतकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के दामाद समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उजियापुर थाना क्षेत्र के चांदचौर वार्ड संख्या-7 निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ जितेंद्र दास तथा मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बनघरा टोल निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है.

वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद

बुधवार को सदर अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी संजय पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया गया है. पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

पारिवारिक विवाद के बीच रची गई साजिश

एएसपी के अनुसार, मृतक विजय दास की पुत्री भारती कुमारी की शादी जितेंद्र दास से हुई थी. पुलिस के मुताबिक, विवाह के बाद पत्नी के साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना के कारण वह मायके में रहने लगी थी. आरोप है कि जितेंद्र अपनी पत्नी को दोबारा ससुराल ले जाना चाहता था, लेकिन मृतक विजय दास इसके पक्ष में नहीं थे.

पुलिस ने बताया कि मृतक और जितेंद्र के रिश्तेदारों के बीच पहले से जमीन विवाद भी चल रहा था. जांच के दौरान सामने आया कि इसी विवाद और पारिवारिक तनाव के बीच विजय दास की हत्या की कथित साजिश रची गई.

सोते समय की गई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई की रात दोनों आरोपित चोरी-छिपे घर पहुंचे और सो रहे विजय दास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.

जांच टीम को मिली सफलता

एएसपी ने बताया कि मामले के उद्भेदन में मुफस्सिल अंचल निरीक्षक संदीप कुमार, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार, रंगलाल साह, अभिषेक कुमार, अभिमन्यु द्विवेदी सहित सशस्त्र बल की टीम शामिल रही.


विज्ञापन
Ankur Kumar

लेखक के बारे में

By Ankur Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन