यातायात व्यवस्था घंटों ठप
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :12 May 2017 5:19 AM (IST)
विज्ञापन

गृहरक्षकों ने समाहरणालय पर किया नंग धड़ंग प्रदर्शन हड़ताल से जिले की यातायात व्यवस्था ठप समस्तीपुर : गृहरक्षकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण गुरुवार को जिले की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप रही. लोग घरों से अपने कार्यों के लिये निकले, तो मगर चंद मिनटों की दूरी तय करने में उन्हें घंटों का वक्त लगा. […]
विज्ञापन
गृहरक्षकों ने समाहरणालय पर किया नंग धड़ंग प्रदर्शन
हड़ताल से जिले की यातायात व्यवस्था ठप
समस्तीपुर : गृहरक्षकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण गुरुवार को जिले की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप रही. लोग घरों से अपने कार्यों के लिये निकले, तो मगर चंद मिनटों की दूरी तय करने में उन्हें घंटों का वक्त लगा. लोगों को लंबी जाम का सामना करना पड़ा. गृहरक्षकों ने समाहरणालय परिसर के समक्ष नंग धड़ंग प्रदर्शन किया. आक्रोशित गृहरक्षक किसी भी पदाधिकारी व कर्मचारी को मुख्य द्वार से प्रवेश नहीं करने दे रहे थे. बाद में गृहरक्षकों ने मुख्य द्वार के पास ही बैठ कर सड़क जाम कर दिया. इससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह रुक गयी. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं. एक तरफ ओवरब्रीज तो दूसरी तरफ क्रांति होटल तक दोनों लेन में वाहनों की लंबी कतारें खड़ी हो गयीं.
वाहनों की लंबी लाइन देखकर लोग पैदल ही कड़ी धूप में अपने गंतव्य को निकल पड़े. जाम के कारण स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वैन व एंबुलेंस बीच रास्ते में ही अटक गयी. बाद में एक लेन पर किसी तरह यातायात व्यवस्था शुरू की गयी. मगर, दूसरी लेन पर देर शाम तक वाहनों का आना-जाना बंद रहा. वहीं पुलिस भी हड़ताली गृहरक्षकों को समझाने में कामयाब नहीं हो सकी. लगभग चार घंटे के बाद प्रशासन की ओर से आश्वासन मिलने पर गृहरक्षकों ने धरना समाप्त किया.
जाम में फंसे रहे स्कूली वाहन व एंबुलेंस
समाहरणालय के पास लगे जाम के कारण अधिकांश स्कूल के वाहन फंसे रहे. बड़े बच्चों ने तो किसी तरह धैर्य थामे रखा. मगर, जाम के कारण होती देरी से छोटे बच्चों का धैर्य खत्म हो गया. जाम को देखकर कई स्कूली वाहनों ने अपने रुट में बदलाव कर दूसरे रास्ते से ही निकलना मुनासिब समझा, मगर शहरी क्षेत्र से गुजरने वाले स्कूली वाहनों को एक लेन के खुलने के बाद ही रास्ता मिल सका. इधर, उत्तरी क्षेत्र के जिले से आने वाले एंबुलेंस भी घंटों इस जाम में फंसे रहे. पटना जाने वाले मरीजों के परिजनों के तो जाम को देखकर भगवान भरोसे ही मरीजों की सेहत के लिए दुआ मांग रहे थे.
गृहरक्षक सरकार की अनदेखी से नाराज
बिहार गृहरक्षा वाहिनी स्वयं सेवक संघ के बैनर तले गृहरक्षकों ने समाहरणालय परिसर में नंग धड़ंग प्रदर्शन किया. केला का पत्ता पहने गृहरक्षक सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे. नेतृत्व जिलाध्यक्ष कामेश्वर राय ने किया. धरना सभा को संबोधित करते हुए गृहरक्षकों ने कहा कि राज्यपाल के आश्वासन के बाद गृहरक्षकों ने अपनी हड़ताल वापस ले लिया था. डीजीपी के अड़ियल रवैये के कारण गृहरक्षकों को वापस हड़ताल पर जाना पड़ा. मौके पर संघ के सचिव कैलाश कुमार झा, रामप्रीत राय, वीरेंद्र कुमार मंडल, अरुण कुमार शर्मा, हृदय सिंह, राम उदगार सिंह, फुलेश्वर पासवान, राम बाबू झा, सुनील कुमार पांडेय, राम कुमार पाठक आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










