सहरसा मंडी में मक्का-गेहूं के भाव नरम, चावल ने पकड़ी मजबूती, जानिए आज का ताजा अनाज और दलहन रेट
सांकेतिक तस्वीर.
सहरसा मंडी में मक्का और गेहूं के भाव में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि चावल की किस्मों में मजबूती बनी हुई है। दलहन, तेलहन और सब्जियों के भाव भी जानें।
किसानों और व्यापारियों की नजर इन दिनों सहरसा मंडी के भाव पर टिकी हुई है. बुधवार को अनाज बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला. मक्का की बढ़ी हुई आवक और खरीदारों की सीमित सक्रियता के कारण इसके भाव में नरमी दर्ज की गयी. गेहूं की कीमत में भी हल्की गिरावट देखने को मिली. वहीं दूसरी ओर चावल की मांग मजबूत रहने से इसकी कुछ प्रमुख किस्मों के भाव में मजबूती बनी हुई है.
सुबह मौसम साफ रहने के कारण मंडी में कृषि उत्पादों की आवक सामान्य रही. कारोबारियों के अनुसार मक्का की पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद बड़े खरीदार सीमित मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं. मांग और आपूर्ति के बीच बने अंतर का असर मक्का के भाव पर पड़ रहा है.
मक्का की बढ़ी आवक से भाव पर दबाव
मंडी कारोबारियों का कहना है कि किसान लगातार मक्का की बिक्री कर रहे हैं. बाजार में पर्याप्त आवक होने के कारण खरीदारों के पास विकल्प बढ़ गये हैं. दूसरी ओर बड़ी खरीदारी नहीं होने से मक्का की कीमत दबाव में है. बुधवार को मक्का का भाव करीब 1900 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रहा.
गेहूं के बाजार में भी उपलब्धता सामान्य बनी हुई है. मांग में विशेष तेजी नहीं होने के कारण गेहूं के भाव में हल्की नरमी दर्ज की गयी. बुधवार को गेहूं 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.
चावल की मांग ने संभाला बाजार
मक्का और गेहूं के मुकाबले चावल बाजार में बेहतर स्थिति देखने को मिली. कारोबारियों के अनुसार बाहरी बाजारों से चावल की मांग बढ़ने के कारण इसकी कुछ प्रमुख किस्मों के भाव मजबूत बने हुए हैं. चावल खिलाखिला का भाव 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल रहा.
वहीं 24 कैरेट बासमती और 24 कैरेट जी हां चावल का भाव करीब 5700 से 5800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. कारोबारियों का मानना है कि यदि बाहरी बाजारों से मांग इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में चावल की कीमतों में और मजबूती आ सकती है.
दलहन और तेलहन के भी जानिए भाव
मंडी में मसूर 6500 से 7000 रुपये, अरहर 12500 से 13000 रुपये और चना दाल 7500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच रही. गोटा चना 6500 से 6700 रुपये तथा गोटा मूंग 10000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.
तेलहन बाजार में पीला सरसों 11000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर रहा. वहीं 15 लीटर धारा सरसों तेल की कीमत 2550 से 2600 रुपये रही.
सब्जियों में आलू का भाव 100 से 1200 रुपये और प्याज 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के बीच दर्ज किया गया.
अगले सप्ताह बाजार की दिशा पर नजर
मंडी कारोबारियों के अनुसार आने वाले दिनों में मक्का की आवक और चावल की मांग बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभायेगी. यदि मक्का की आवक बढ़ती रही और खरीदारों की सक्रियता सीमित रही तो कीमतों में और नरमी आ सकती है. वहीं चावल की बाहरी मांग मजबूत रहने पर इसके भाव में तेजी का सिलसिला जारी रह सकता है.
ऐसे में किसानों और व्यापारियों के लिए आने वाले दिनों में मंडी के ताजा भाव और आवक की स्थिति पर नजर रखना महत्वपूर्ण होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










