जमीन हड़पने की नियत से खिलाया जहर, मौत

जमीन हड़पने की नियत से खिलाया जहर, मौत
मृतक की भाभी ने लगाया आरोप, मुंह से झाग निकलते सड़क किनारे ई रिक्शा पर मिला शव पतरघट. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलमा पश्चिमी पंचायत स्थित पीपरा बस्ती वार्ड 4 के निवासी 32 वर्षीय अनोज कुमार की सोमवार की रात गांव में उनकी जमीन हड़पने की नियत से साजिश के तहत जहरीला तरल पदार्थ खिलाकर हत्या कर दिए जाने का मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है. मृतक के परिजनों ने बताया कि सोमवार की देर रात तक अनोज के घर नहीं लौटने पर वह सभी अनोज की खोजबीन करने लगे. खोजबीन के क्रम में गांव के ही सड़क किनारे अचेतावस्था में मुंह से झाग निकलते उनका शव सड़क किनारे ई रिक्शा पर मिला. जिसके बाद परिजनों द्वारा घटना की सूचना पतरघट पुलिस को दी गयी. घटना की सूचना पाकर पतरघट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम में भेजा तथा घटना के संबंध में घटना से जुड़े सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी. परिजनों के अनुसार मृतक अनोज कुमार पिता स्व.अरूण यादव दोनों पैर और एक हाथ से दिव्यांग था तथा दिन भर ट्राई साइकिल से गांव-गांव में घुमा फिरा करता था. परिजनों का कहना हैं कि मृतक अनोज कुमार की मां और पिता दोनों का लगभग 20 वर्ष पूर्व में निधन हो गया था. मृतक दो भाई में सबसे छोटा था. बड़ा भाई नीतीश कुमार शादीशुदा है. कुछ दिन पूर्व अनोज अपने हिस्से की 3 कट्ठा जमीन अपने पड़ोसी पवन यादव के हाथों बेचा था. जिसमें अनोज कुमार के पारिवारिक सदस्यों द्वारा अंचल कार्यालय में आपत्ति के कारण पवन यादव का दाखिल खारिज नहीं हुआ था और न ही उक्त जमीन पर दखलकार हुआ था. पवन यादव 6 कट्ठा जमीन लिखने का अनोज कुमार पर लगातार दबाव बना रहा था. उक्त मामले को लेकर इस बीच में दोनों के साथ पंचायत भी हुईं थी. उसके बाद पवन यादव और अनोज कुमार का एक साथ खाना पीना होता था. मृतक अनोज कुमार का चाचा अनमोल यादव वर्तमान में वार्ड सदस्य भी है. घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई नीतीश कुमार की पत्नी ब्यूटी कुमारी ने थाना अध्यक्ष पतरघट को दिए आवेदन में अपने पड़ोसी पवन यादव व भूषण यादव को नामजद करते जमीन हड़पने के नियत से षडयंत्र के तहत जहर खिला कर हत्या किये जाने का आरोप लगाया है. घटना को लेकर बस्ती में तनाव का माहौल कायम है. स्थानीय पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रखने के साथ-साथ लगातार गश्त कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दी है. कहते हैं थाना अध्यक्ष इस बाबत थाना अध्यक्ष शशिकुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मृतक दोनों पैर और एक हाथ से दिव्यांग है. मृतक की भाभी ब्यूटी कुमारी द्वारा दिये गये आवेदन में पीपरा बस्ती निवासी पवन यादव पिता विशुनदेव यादव व भूषण कुमार पिता देवनारायण यादव के खिलाफ जमीन हड़पने की नियत से जहर खिला कर हत्या किये जाने का आरोप लगाया गया है. उन्होंने बताया कि उक्त आवेदन के आलोक में पुलिस द्वारा कार्रवाई करते घटना से जुड़ें सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. आरोपी घर छोड़ फरार है. पुलिस की छापेमारी जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




