मलमास के अवसर पर भवटिया में पूरे एक माह तक चलेगा अखंड सीताराम कीर्तन

कार्यक्रम के आयोजन को लेकर बैठक करते ग्रामीण व आयोजन
सहरसा के सौरबाजार प्रखंड स्थित भवटिया गांव में मलमास के अवसर पर एक महीने का अखंड सीताराम कीर्तन शुरू हुआ है. 16 जून तक चलने वाले इस अनुष्ठान में सहरसा, सुपौल और मधेपुरा की दर्जनों मंडलियां भाग ले रही हैं.
सहरसा से छतरी कुमार की रिपोर्ट: मलमास (पुरुषोत्तम मास) के पावन अवसर पर सहरसा जिला के सौरबाजार प्रखंड अंतर्गत भवटिया गांव स्थित ऐतिहासिक ‘नाथबाबा स्थान’ प्रांगण में पूरे एक महीने का अखंड सीताराम धुन (कीर्तन) का भव्य शुभारंभ हो गया है.
तीन जिलों की कीर्तन मंडलियां बांधेंगी समां
17 मई से शुरू होकर 16 जून तक चलने वाले इस महा-अनुष्ठान में कोसी क्षेत्र के सहरसा, मधेपुरा और सुपौल जिले सहित आसपास के इलाकों की दर्जनों प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियां हिस्सा ले रही हैं. एक माह तक चौबीसों घंटे चलने वाले इस कीर्तन में मंडलियां अपनी-अपनी प्रस्तुति से पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी.
मलमास के अवसर पर यह तीसरा आयोजन
भवटिया गांव के समस्त ग्रामीणों के सहयोग से बजरंग बाल कार्तिक मंडली के नेतृत्व में यह आयोजन किया जा रहा है. आयोजन समिति से जुड़े सदस्यों ने बताया कि भवटिया की धरती पर ‘श्री श्री 108 सीताराम नाम जाप अखंड कीर्तन’ का यह तीसरा बड़ा आयोजन है. इससे पहले भी दो बार मलमास (पुरुषोत्तम मास) के अवसर पर यहां इस तरह का सफल आयोजन हो चुका है. इस धार्मिक अनुष्ठान में भवटिया सहित आसपास के कई गांवों के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर अपना श्रम और आर्थिक सहयोग दे रहे हैं.
धार्मिक दृष्टिकोण से बेहद खास है भवटिया गांव
सौरबाजार प्रखंड के सुहथ पंचायत के अंतर्गत आने वाला भवटिया गांव अपने धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के लिए पूरे इलाके में जाना जाता है.
- एक दर्जन से अधिक मंदिर: इस छोटे से गांव की विशेषता यह है कि यहां लगभग एक दर्जन से अधिक देवी-देवताओं के भव्य और कलात्मक मंदिर स्थापित हैं.
- आस्था के केंद्र: भवटिया चौक पर स्थित महाबली बजरंगबली का भव्य मंदिर, सार्वजनिक मां दुर्गा मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, नाथबाबा मंदिर और शिव मंदिर प्रमुख हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पूरी आस्था और विश्वास के साथ पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं. एक माह के इस कीर्तन से पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By दिव्यांशु प्रशांत
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










