मवेशी व्यापारी के घर भीषण चोरी, विरोध करने पर अपराधियों ने ताना हथियार

Updated at :12 May 2026 12:12 PM
विज्ञापन
मवेशी व्यापारी के घर भीषण चोरी, विरोध करने पर अपराधियों ने ताना हथियार

मक्के के खेत से बरामद टूटा बक्सा

सहरसा के अमृता गांव में हथियारबंद चोरों ने एक मवेशी व्यापारी के घर से 1.54 लाख रुपये नकद और जेवरात की चोरी कर ली. अपराधी जाते-जाते गृहस्वामी पर हथियार तानकर फरार हो गए, जिसका टूटा हुआ बक्सा सुबह गांव के बाहर खेत से बरामद किया गया.

विज्ञापन

सोनवर्षाराज, सहरसा से अमित राठौड़ की रिपोर्ट: थाना क्षेत्र के बरैठ पंचायत अंतर्गत अमृता गांव में सोमवार की देर रात बेखौफ चोरों ने एक मवेशी व्यापारी के घर को निशाना बनाया. चोरों ने घर का ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया. घटना के दौरान जब गृहस्वामी ने अपराधियों का पीछा करने की कोशिश की, तो चोरों ने उन पर हथियार तान दिया और फरार हो गए.

ताला तोड़कर ट्रंक और बक्सा ले उड़े चोर

जानकारी के अनुसार, अमृता वार्ड संख्या छह निवासी राजेश यादव मवेशी खरीद-बिक्री का व्यवसाय करते हैं. सोमवार की रात वह घर के कमरों में ताला लगाकर दरवाजे पर बंधे मवेशियों की रखवाली के लिए बाहर सोए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने घर के अंदर प्रवेश किया और ट्रंक का ताला तोड़कर उसमें रखा कीमती बक्सा लेकर चंपत हो गए.

कुत्ते के भौंकने पर खुली नींद, हथियार दिखा भागे अपराधी

बताया जाता है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी घर के बाहर लगी एलईडी लाइट भी खोलने की कोशिश करने लगे. इसी बीच कुत्ते के भौंकने की आवाज सुनकर राजेश यादव की नींद खुल गई. उन्होंने चोरों को भागते देख जब उनका पीछा किया, तो एक अपराधी ने उन पर पिस्तौल तान दी. जान बचाने के लिए व्यापारी को पीछे हटना पड़ा और अंधेरे का फायदा उठाकर चोर भाग निकले. शोर मचने पर जुटे ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को मामले की जानकारी दी.

मक्के के खेत से मिला टूटा हुआ बक्सा

मंगलवार की सुबह जब ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की, तो गांव से कुछ दूरी पर स्थित मक्के के खेत से चोरी गया बक्सा बरामद हुआ. चोरों ने बक्से को तोड़कर उसमें रखे एक लाख 54 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल, लॉकेट और कानबाली निकाल लिए थे. पीड़ित परिवार के अनुसार, मवेशी व्यापार के लिए रखी गई बड़ी राशि की चोरी होने से वे पूरी तरह टूट गए हैं.

पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग

क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात के समय गश्ती बढ़ाई जाए ताकि लोग चैन से सो सकें. इधर, थानाध्यक्ष नागमणि कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन