जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, 24 घंटे के भीतर 5395 सिलेंडरों की हुई डिलीवरी

Updated:
विज्ञापन
जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, 24 घंटे के भीतर 5395 सिलेंडरों की हुई डिलीवरी

प्रतीकात्मक तस्वीर

सहरसा में जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की आपूर्ति को पूरी तरह सुचारू बताते हुए पिछले 24 घंटे में 5,395 सिलेंडरों की डिलीवरी का आंकड़ा जारी किया है. जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कालाबाजारी करने वाले वितरकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.

विज्ञापन

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट: जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है. जिला प्रशासन ने मंगलवार को आंकड़ों के साथ जानकारी साझा करते हुए बताया कि इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से रिफिल उपलब्ध कराई जा रही है. आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता और तेजी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन प्रतिदिन गैस कंपनियों और वितरकों के स्टॉक की समीक्षा कर रहा है.

जिले में 10 हजार से अधिक सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद

जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में जिले के विभिन्न गोदामों में कुल 10,531 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है. इसमें इंडेन के पास 3,980, एचपी गैस के पास 4,564 और भारत गैस के पास 1,987 सिलेंडरों का भंडार है. आपूर्ति की तेजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले महज 24 घंटों के भीतर जिले भर में 5,395 घरेलू गैस सिलेंडरों की सफल होम डिलीवरी की गई है.

बुकिंग अधिक, पर आवक भी निरंतर जारी

प्रशासनिक रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल कुल लंबित बुकिंग की संख्या 20,431 है. जिलाधिकारी ने इस संबंध में स्पष्ट किया है कि कुछ एजेंसियों पर बुकिंग का दबाव जरूर अधिक है, लेकिन प्लांट से रिफिल सिलेंडरों की खेप लगातार पहुंच रही है. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का संग्रह न करें.

कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला प्रशासन ने सभी गैस वितरकों को सख्त निर्देश दिया है कि वे बुकिंग के क्रम के आधार पर ही होम डिलीवरी सुनिश्चित करें. जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर गैस की कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली की शिकायत मिलती है, तो संबंधित एजेंसी और व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उपभोक्ताओं से भी आग्रह किया गया है कि वे किसी भी अनियमितता की स्थिति में आपूर्ति कार्यालय को सूचित करें.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन