सिलीगुड़ी से कोसी तक फैल रहा शराब तस्करी का नेटवर्क

Published by : DEEPAK KUMAR Updated At : 14 May 2026 6:38 PM

विज्ञापन

सिलीगुड़ी से कोसी तक फैल रहा शराब तस्करी का नेटवर्क

विज्ञापन

अब महिलाएं भी उतर रहीं अवैध कारोबार में, शराबबंदी के बाद तस्करों ने बदला तरीका महिला नेटवर्क के जरिए गांवों तक पहुंच रही शराब प्रतिनिधि, सिमरी बख्तियारपुर. बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद से ही शराब तस्कर भिन्न – भिन्न उपाय के जरिए शराब तस्करी में लगे हुए है. अब केवल पुरुष ही नहीं, बल्कि महिलाएं भी शराब के अवैध कारोबार में शामिल होती दिखाई दे रही हैं. हाल के दिनों में सामने आए मामलों ने यह संकेत दिया है कि सिलीगुड़ी से कोसी क्षेत्र तक शराब पहुंचाने के लिए तस्करों ने नए नेटवर्क तैयार किए हैं, जिसमें महिलाओं का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ रहा है. ताजा मामला सिमरी बख्तियारपुर पुलिस सर्किल अंतर्गत बलवाहाट थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव से जुड़ा है, जहां की दो महिलाओं को बारसोई रेलवे स्टेशन पर कुल 55 लीटर प्रतिबंधित शराब के साथ गिरफ्तार किया गया. दोनों महिलाएं सिलीगुड़ी से शराब लेकर लौट रही थीं. इस घटना ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि आखिर कोसी इलाके में शराब तस्करी का नेटवर्क कितना मजबूत हो चुका है. सूत्रों के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों और पश्चिम बंगाल से सटे रेल मार्ग शराब तस्करों के लिए प्रमुख रास्ते बने हुए हैं. सिलीगुड़ी, किशनगंज, बारसोई और कटिहार रेल मार्ग के जरिए शराब की खेप कोसी क्षेत्र के विभिन्न जिलों तक पहुंचाई जा रही है. तस्कर अब छोटी – छोटी खेप में शराब लाकर ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति कर रहे हैं ताकि प्रशासन की नजरों से बचा जा सके. जानकारों की मानें तो महिलाओं पर शुरुआती स्तर पर कम संदेह होने के कारण तस्कर इस तरीके का इस्तेमाल बढ़ा रहे हैं. महिलाएं ट्रेन और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों के जरिए शराब लेकर आ रही हैं. हालांकि लगातार कार्रवाई के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गयी हैं. आरपीएफ और उत्पाद विभाग द्वारा रेलवे स्टेशनों पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के कारण कई मामलों का खुलासा हुआ है. महम्मदपुर निवासी है दोनों महिला शराब तस्कर जानकारी के अनुसार, बुधवार को आरपीएफ एवं उत्पाद विभाग द्वारा ऑपरेशन सतर्क के तहत बारसोई रेलवे स्टेशन पर संयुक्त जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान सुबह करीब 9 बजकर 20 मिनट पर सिलीगुड़ी – राधिकापुर डीएमयू ट्रेन संख्या 75706 अप के पहुंचने पर एक महिला को संदेह के आधार पर रोका गया. तलाशी के दौरान उसके पास से 56 कैन हायवर्ड फाइव थाउजेंड ब्रांड की बीयर बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 28 लीटर थी. गिरफ्तार महिला की पहचान बलवाहाट थाना क्षेत्र के महम्मदपुर वार्ड संख्या 06 निवासी 50 वर्षीय अनीता देवी के रूप में हुई. वहीं सुबह करीब 9 बजकर 45 मिनट पर प्लेटफॉर्म संख्या 1 स्थित न्यू एफओबी के समीप दूसरी महिला को पकड़ा गया. जांच के दौरान उसके पास से विभिन्न ब्रांड की कुल 27 लीटर शराब बरामद की गयी. इसमें हायवर्ड 5000 बीयर, ऑफिसर चॉइस फ्रूटी, एंटिक्विटी व्हिस्की और ब्लेंडर प्राइड शामिल हैं. गिरफ्तार महिला की पहचान महम्मदपुर वार्ड संख्या-06 निवासी 36 वर्षीय ममता देवी के रूप में हुई. दोनों महिलाओं के पास से कुल 55 लीटर प्रतिबंधित शराब बरामद की गयी, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार 590 रुपये बताई जा रही है. आरपीएफ इंस्पेक्टर शंकर कुमार दास के नेतृत्व में की गयी इस कार्रवाई के बाद दोनों महिलाओं को जब्त शराब के साथ उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया

विज्ञापन
DEEPAK KUMAR

लेखक के बारे में

By DEEPAK KUMAR

DEEPAK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन