सड़क हादसे में लोजपा (आर) नेता व दूध व्यवसायी अमन कुमार की मौत

विलाप करते परिजन व पहुंची पुलिस | Prabhat Khabar Network
सहरसा में गुरुवार रात हुए एक सड़क हादसे में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता अमन कुमार की मौत हो गई. घटना के वक्त लोग मदद के बजाय वीडियो बनाते रहे, जिसका आरोप स्थानीय लोगों ने लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सहरसा : सदर थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के समीप गुरुवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता एवं दूध व्यवसायी 34 वर्षीय अमन कुमार की मौत हो गई. हादसे में बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.
बकाया राशि की वसूली कर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार नगर निगम वार्ड संख्या-40 के सराही निवासी अमन कुमार बकाया राशि की वसूली के लिए घर से निकले थे. रात करीब 10:30 बजे पंचवटी चौक के समीप सड़क दुर्घटना में घायल होने की सूचना परिजनों को मिली. जब तक परिजन घटनास्थल पहुंचे, उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी.
मदद के बजाय वीडियो बनाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद अमन कुमार करीब आधे घंटे तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे, लेकिन मदद करने के बजाय कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटनास्थल पर पुलिस वाहन भी मौजूद था, फिर भी घायल को तत्काल अस्पताल नहीं पहुंचाया गया. बाद में कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें एक निजी क्लीनिक पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी फुटेज से होगी वाहन की पहचान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और अनियंत्रित चारपहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया. अमन कुमार लोजपा (रामविलास) के सहरसा जिला संसदीय बोर्ड के जिला उपाध्यक्ष थे. पिछले कुछ महीनों से वह दूध व्यवसाय से भी जुड़े थे. उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
पुलिस जांच में जुटी
परिजनों और स्थानीय लोगों ने पंचवटी चौक एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने तथा चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. शुक्रवार को महपूरा स्थित उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है. घायल दूसरे युवक के होश में आने के बाद उसके बयान के आधार पर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपांकर श्रीवास्तव
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










