सहरसा हवाई अड्डे के टर्मिनल निर्माण का ठेका आद्याराज डेवलपर्स को, जल्द शुरू होगा काम

हवाई अड्डा फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
कोसी क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सहरसा हवाई अड्डा परियोजना को गति मिली है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने आद्याराज डेवलपर्स को टर्मिनल भवन निर्माण का ठेका आवंटित कर दिया है. यह परियोजना क्षेत्रीय विमानन के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी.
सहरसा : कोसी क्षेत्र के लोगों के लिए बहुप्रतीक्षित सहरसा हवाई अड्डा परियोजना को बड़ी गति मिली है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने सहरसा हवाई अड्डे के उन्नयन एवं नए टर्मिनल भवन के निर्माण का ठेका आद्याराज डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित कर दिया है. कंपनी ने 24.95 करोड़ रुपये की सबसे कम वित्तीय बोली लगाकर यह टेंडर अपने नाम किया है. टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा हवाई अड्डा
यह परियोजना इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन (ईपीसी) मॉडल के तहत पूरी की जाएगी. एएआई की इस विकास परियोजना की अनुमानित लागत करीब 35.14 करोड़ रुपये है. इसके तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्री-फैब्रिकेटेड स्टील टर्मिनल भवन, प्री-इंजीनियर्ड एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर, फायर स्टेशन तथा अन्य आवश्यक सहायक भवनों का निर्माण किया जाएगा. साथ ही हवाई अड्डे को कोड-2बी श्रेणी के विमान संचालन के अनुरूप विकसित किया जाएगा.
रनवे और यात्री सुविधाओं का भी होगा विकास
परियोजना के तहत रनवे से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं, एप्रन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं तथा अन्य आधारभूत ढांचे का भी विकास किया जाएगा. परियोजना पूरी होने के बाद सहरसा हवाई अड्डा क्षेत्रीय विमान सेवाओं के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार होगा.
कोसी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग होगी पूरी
सहरसा हवाई अड्डे का विकास कोसी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग रही है. इसके शुरू होने से सहरसा के साथ सुपौल, मधेपुरा, खगड़िया, पूर्णिया और आसपास के जिलों के लाखों लोगों को हवाई यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी. इससे पटना, दिल्ली, कोलकाता सहित देश के प्रमुख शहरों से क्षेत्र की सीधी हवाई संपर्क व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है.
रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
स्थानीय लोगों का मानना है कि हवाई अड्डा चालू होने से कोसी क्षेत्र में व्यापार, उद्योग, पर्यटन, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच भी आसान होगी. लंबे समय से प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाओं में उलझी इस परियोजना के लिए टेंडर आवंटित होने के बाद अब इसके धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो गया है. लोगों को उम्मीद है कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा कर जल्द ही सहरसा को हवाई सेवा से जोड़ने का सपना साकार होगा.
यह भी पढ़ें :सखी वार्ता कार्यक्रम में किशोर-किशोरियों को महिला सुरक्षा और करियर की दी गई जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










