आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर युवाओं की भूमिका विषयक सेमिनार आयोजित

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम का उद्घाटन करते अतिथि | Prabhat Khabar Network

सहरसा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर 'राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका' विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया. मुख्य वक्ता रामदत्त चक्रधर ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी अहम भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया.

विज्ञापन

सहरसा : स्थानीय ईस्ट एन वेस्ट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर "राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका" विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर, ईस्ट एन वेस्ट शैक्षणिक समूह के चेयरमैन रजनीश रंजन, कोसी विभाग के सह सरकार्यवाह राधेश्वर झा तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नागेंद्र कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर अतिथियों को अंगवस्त्र, पाग एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

युवा ऊर्जा राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति : रामदत्त चक्रधर

मुख्य वक्ता रामदत्त चक्रधर ने कहा कि कोसी क्षेत्र सदैव प्रतिभा और ऊर्जा का केंद्र रहा है. यहां की उर्वर भूमि ने समय-समय पर राष्ट्र को सक्षम युवा दिए हैं. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना राष्ट्र के सर्वांगीण विकास और चरित्रवान समाज के निर्माण के उद्देश्य से हुई थी. भारत का इतिहास ज्ञान, विज्ञान, कला और संस्कृति के क्षेत्र में सदैव गौरवशाली रहा है.

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर विभिन्न राष्ट्रीय चुनौतियों तक देश के युवाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. युवा केवल उम्र से नहीं, बल्कि विचार, ऊर्जा और संकल्प से होता है. राष्ट्र निर्माण के लिए प्रत्येक युवा को पहले स्वयं में सकारात्मक परिवर्तन लाना होगा तथा सेवा और राष्ट्रभाव को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा.

राष्ट्र सर्वोपरि का भाव जरूरी

रामदत्त चक्रधर ने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र सर्वोपरि का भाव जागृत होगा, तब भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकेगा. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि इस मातृभूमि को अपना मानने वाला प्रत्येक व्यक्ति राष्ट्रवादी है.

शिक्षकों और युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ईस्ट एन वेस्ट शैक्षणिक समूह के चेयरमैन रजनीश रंजन ने कहा कि भारत युवाओं का देश है और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में शिक्षकों एवं छात्राध्यापकों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने कहा कि जिस दिशा में युवाओं की ऊर्जा बढ़ती है, उसी दिशा में समाज और राष्ट्र आगे बढ़ता है. संघ के विचारों को समझने के लिए उसके कार्यों को निकट से जानना आवश्यक है.

बड़ी संख्या में शामिल हुए शिक्षक और छात्राध्यापक

महाविद्यालय के प्राध्यापक सह जनसंपर्क पदाधिकारी अभय मनोज ने कार्यक्रम का संचालन किया. इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य एन. के. झा, आरएसएस के सह प्रांतीय प्रचारक प्रवीर जी, विभाग प्रचारक सुमित जी, बीएनएमयू के सिंडिकेट सदस्य मेजर डॉ. गौतम कुमार, आशीष टिंकू, ध्रुव झा, उदारण भगत, सागर कुमार, नन्हें रोशन कुमार, मुक्तेश्वर सिंह, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्राध्यापक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन