सहरसा में कांग्रेस के खिलाफ भाजयुमो का आक्रोश मार्च, राहुल गांधी और सोनिया गांधी का पुतला दहन

Updated:
विज्ञापन

फोटो - आक्रोश मार्च में शामिल भाजपा कार्यकर्ता

सहरसा में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ जोरदार आक्रोश मार्च निकाला. राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम और राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी के पुतले फूंके. यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस पर देशहित से ज्यादा राजनीतिक मंशा पूरी करने का आरोप लगाते हुए किया गया.

विज्ञापन

सहरसा. भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में रविवार को कांग्रेस के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला गया. थाना चौक से शुरू हुआ मार्च वीर कुंवर सिंह चौक पहुंचा. यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी का पुतला दहन किया. कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम और राष्ट्रगान के प्रति कथित रूप से असम्मानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया.

वंदे मातरम और राष्ट्रगान के कथित अपमान पर जताया आक्रोश

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के दौरान कांग्रेस नेताओं के आपस में बातचीत करने का वीडियो सामने आया है. इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है. कार्यकर्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रगान के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया.

कांग्रेस पर देशहित के बजाय राजनीति करने का आरोप

भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुरजीत सिंह कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस देशहित के बजाय अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने में लगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोगों को गुमराह कर देश को कमजोर करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि देश की संस्कृति, सभ्यता और अखंडता के साथ खिलवाड़ करने वाली ताकतों का भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते रहेंगे.

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना

भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने कभी देश की संस्कृति और सभ्यता को उचित सम्मान नहीं दिया. उन्होंने कांग्रेस पर देश की राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि अब देश की जनता कांग्रेस की मंशा समझ चुकी है. भाजपा कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक कांग्रेस की नीतियों का विरोध करते रहेंगे.

बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजयुमो महामंत्री मुकेश शाह, उपाध्यक्ष सूचित कुशवाहा, राधिका कुमारी, गुंजन कुमारी, अभिजीत सिंह, भाजपा महामंत्री शिव भूषण सिंह, अनमोल भगत, उपाध्यक्ष रिंकी देवी, जिला मंत्री पंकज पाठक, मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता, जिला प्रवक्ता अभिनंदन कुशवाहा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुगामनी देवी, संजय कुमार साह, संजीव कुमार सिंह, अखिलेश पांडे, सजनी देवी, राम प्रभा देवी और पार्वती देवी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन