मुक्तिधाम की बदहाली को लेकर डीएम को दिया आवेदन, 18 मई से पांच दिवसीय धरना की चेतावनी
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 17 May 2026 10:23 AM
शवदाहगृह
सहरसा के संत कबीर नगर स्थित मुक्तिधाम की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों ने डीएम को आवेदन सौंपा है. बुडको संवेदक पर काम में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने 18 मई से पांच दिवसीय धरने की चेतावनी दी है.
सहरसा. नगर निगम क्षेत्र के संत कबीर नगर स्थित मुक्तिधाम शवदाहगृह की बदहाली और जीर्णोद्धार कार्य में बरती जा रही लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा है. शनिवार को फ्रेण्ड्स ऑफ आनंद के जिला महासचिव रोहन दास के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी (डीएम) को एक लिखित आवेदन सौंपकर बुडको के संवेदक पर कार्य अधूरा छोड़ने का आरोप लगाया. इसके साथ ही ग्रामीणों ने समस्याओं का जल्द समाधान न होने पर सोमवार (18 मई) से उग्र आंदोलन शुरू करने की बड़ी चेतावनी दी है.
मुख्य द्वार गायब, परिसर में सांप-बिच्छू का खतरा
जिलाधिकारी को सौंपे गए आवेदन में स्थानीय वासियों ने मुक्तिधाम की बदहाल स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं:
- अधूरा निर्माण और धंसती जमीन: मुक्तिधाम का मुख्य द्वार अब तक नहीं बनाया जा सका है. इसके अलावा, चाहरदीवारी के भीतर खाली पड़ी जमीन में की गई सोलिंग धंस गई है, जिससे वहां झाड़ियां उग आई हैं और हमेशा सांप-बिच्छू का खतरा बना रहता है.
- आवागमन में भारी परेशानी: मुक्तिधाम तक जाने वाली मुख्य सड़क पर न तो मिट्टी भराई की गई है और न ही पीसीसी ढलाई या सोलिंग का कार्य हुआ है. इसके कारण हल्की बारिश में भी यह रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और बरसात के दिनों में शव यात्रा ले जाने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
- जर्जर शवदाहगृह: शवदाहगृह से धुआं निकालने वाला चिमनी का पाइप बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, जिसकी तत्काल मरम्मत, सफाई और रंगाई-पुताई बेहद जरूरी है.
पहले की शिकायतों पर नहीं हुई कोई कार्रवाई
महासचिव रोहन दास और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस बदहाली को लेकर पूर्व में भी कई बार जिला प्रशासन और बुडको के संवेदक (ठेकेदार) को लिखित आवेदन देकर स्थिति से अवगत कराया गया था. लेकिन, अधिकारियों और संवेदक की उदासीनता के कारण अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष है.
18 मई से काली मंदिर परिसर में बैठेंगे धरने पर
प्रशासनिक उपेक्षा से नाराज आंदोलनकारियों ने अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि शीघ्र ही मुक्तिधाम में सुधार कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो 18 मई से मुक्तिधाम काली मंदिर परिसर में पांच दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन के दौरान होने वाली किसी भी प्रशासनिक अव्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी.
आवेदन सौंपने वालों में ये रहे शामिल
जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने वाले शिष्टमंडल में रोहन दास के साथ मुख्य रूप से युगल तांती, शिबू शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, संजीव कुमार, सुरेश दास, महेंद्र शर्मा, बसंत कुमार शर्मा, मनीष कुमार, मुंशी शर्मा, अमर शर्मा, कैलाश शर्मा, आनंद शर्मा, नीतीश कुमार, लालो शर्मा और विनोद शर्मा सहित दर्जनों वार्ड वासी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










