चोर गिरोह का आतंक, 24 घंटे में तीन बाइक व एक दुकान में चोरी

Updated at : 07 Mar 2018 5:27 AM (IST)
विज्ञापन
चोर गिरोह का आतंक,  24 घंटे में तीन बाइक व एक दुकान में चोरी

लगातार हो रही चोरी, आम व खास हैं परेशान सहरसा : पुलिस का चोर व झपटमार गिरोह के सदस्यों पर लगातार कार्रवाई किये जाने के बाद भी इन गिरोह के सदस्यों पर कोई असर नहीं हो रहा है. गिरोह के सदस्य लगातार बाइक चोरी व ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे […]

विज्ञापन

लगातार हो रही चोरी, आम व खास हैं परेशान

सहरसा : पुलिस का चोर व झपटमार गिरोह के सदस्यों पर लगातार कार्रवाई किये जाने के बाद भी इन गिरोह के सदस्यों पर कोई असर नहीं हो रहा है. गिरोह के सदस्य लगातार बाइक चोरी व ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. 24 घंटे में शहर के विभिन्न जगहों से तीन बाइक व एक दुकान में चोरी की घटना को अंजाम देकर गिरोह के सदस्यों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है.
जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर शाम नया बाजार स्थित डॉ माया पांडेय की क्लिनिक के सामने से सिमरी बख्तियारपुर केनरा बैंक शाखा के प्रबंधक नया बाजार निवासी अनुज कुमार सिंह की बाइक चोरी हो गयी. उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है. सोमवार की ही देर रात गंगजला चौक स्थित अमृतांजलि बुक्स वर्ल्ड का शटर तोड़ चोरों ने गल्ला में रखी 15 हजार नकदी उड़ा लिया. मामले की जानकारी दुकानदार रंजन कुमार सिंह को मंगलवार की सुबह हुई. जिसके बाद पुलिस ने भी मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की. दुकानदार ने बताया कि सीसीटीवी में चोरी की वारदात कैद है.
वहीं मंगलवार को व्यवहार न्यायालय के समीप से आलमनगर थाना मधेपुरा में पदस्थापित जवान मिथिलेश कुमार यादव की बिना नंबर की ग्लैमर बाइक चोरी हो गयी. उन्होंने बताया कि वह अपने पुत्र पपलेश कुमार के साथ केस की जानकारी लेने अपने अधिवक्ता के पास अंदर गये थे. कुछ देर बाद वापस आने पर पाया कि बाइक गायब है. उन्होंने कहा कि अपने स्तर से खोजबीन की लेकिन पता नहीं चला. तीसरी घटना बैंक ऑफ बरौदा पूरब बाजार के समीप की है.
चोरों ने अजीत कुमार की स्प्लेंडर बाइक की चोरी कर ली. उन्होंने कहा कि वह बैंक कार्य से बाइक खड़ी कर अंदर गया. कुछ देर बाद वापस आने पर बाइक गायब थी. उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी सदर थाना को दे दी गयी है. ऐसी बात नहीं है कि पुलिस चोर के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर रही है. पुलिस कार्रवाई के कारण कई बाइक को बरामद किया गया, तो कई चोर को भी सलाखों के पीछे भेजा गया. लेकिन गिरोह का अन्य सदस्यों के नहीं पकड़ाने के कारण घटना रुकने का नाम नहीं ले रही है.
बाइक चोरी एक नजर में
28 फरवरी : व्यवहार न्यायालय के सामने से गांधी पथ निवासी मो आफताब आलम की अपाचे बाइक बीआर 19 जी 7428 की चोरी हो गयी.
24 फरवरी :- विद्युत कार्यपालक अभियंता कार्यालय में कार्यपालक सहायक के पद पर पदस्थापित नरियार निवासी दिनकर कुमार की पल्सर बाइक कार्यालय प्रांगण से चोरी हो गयी.
19 फरवरी : सदर थाना क्षेत्र के कायस्थ टोला से सूरज कुमार की बिना नंबर की ग्लैमर बाइक चोरी हो गयी. हालांकि कई दिनों बाद बाइक बरामद कर ली गयी.
16 फरवरी : सदर थाना क्षेत्र के गौतम नगर से संत नगर निवासी अमरेंद्र कुमार अमर की बाइक चोरी हो गयी.
10 फरवरी : शहर के आरएम कॉलेज केंद्र के समीप से अमरपुर सोनवर्षा कचहरी निवासी अरविंद कुमार की बाइक चोरी हो गयी. वहीं गंगजला से विष्णु देव चौधरी की बाइक घर के सामने से चोरी हो गयी.
07 फरवरी : आरएम कॉलेज केंद्र से इंटरमीडिएट परीक्षार्थी सुपौल जिले के कटैया निवासी लालमोहन कुमार की बाइक चोरी हो गयी. वहीं व्यवहार न्यायालय के सामने से सहरसा बस्ती निवासी मो मिन्हाज उद्दीन की चोरी हो गयी.
06 फरवरी : बंगाली बाजार से मिशन कंपाउंड निवासी राजेश विश्वास की बाइक चोरी हो गयी.
02 मार्च : प्रोफेसर कॉलोनी निवासी मो शकील अहमद के घर से बाइक चोरी.
घर में चोरी
02 मार्च – सदर थाना क्षेत्र के मानस नगर पॉलिटेक्निक रोड में किराये पर रहने वाले बांका निवासी एवरीडे इंडिया लिमिटेड में कार्यरत उत्तम कुमार सिंह के घर का ताला तोड़ चोरी की घटना को अंजाम दिया गया. होली में सपरिवार घर गये थे. दो मार्च को चोरी की सूचना पर वापस आने पर पाया कि चोरों ने एलइडी टीवी, स्टेबलाइजर, एक जोड़ा कानबाली, तीन पीस नाक का गुल्फी, एक सोने का चेन, दो सेट पायल, चार जोड़ा बिछिया, एक चांदी का सिंदूर डिब्बा, एक मोबाइल, आयरन, स्टील व पीतल का बर्तन, सोलर लाइट, कपड़ा, कागजात व बच्चों का स्कूल बैग की चोरी कर ली है.
02 मार्च – ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित आधार पंजीकरण केंद्र डीआरसीसी का लैपटॉप व अन्य की चोरी यूआइडी बायो सुपरवाइजर सोनू कुमार के आवास कायस्थ टोला से हो गया.
20 फरवरी – सदर थाना क्षेत्र के रमेश झा रोड स्थित विजय कुमार साह के सुनसान घर से चोरों ने लगभग तीन भरी सोने की जेवरात, 35 भरी चांदी, नकद 70 हजार रुपये और एक लैपटॉप चोरी कर लिया.
08 फरवरी – शहर के कोसी चौक स्थित धर्मेंद्र कुमार धीरज के रेडिमेड कपड़े की दुकान से चोरों ने लगभग आठ लाख रुपये मूल्य के जींस, शर्ट लेडीज शूट सहित अन्य कपड़ों एवं दस हजार रुपये की चोरी कर ली.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन