धनबाद के भगौड़ा अपराधी प्रिंस खान को कोर्ट में करना होगा सरेंडर, पुलिस ने घर पर चिपकाया इश्तेहार

Updated:
विज्ञापन
धनबाद में प्रिंस खान के घर पर पोस्टर चिपकाते पुलिसकर्मी. फोटो: प्रभात खबर

Dhanbad News: धनबाद में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के घर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर इश्तेहार चिपकाया. रंगदारी और आर्म्स एक्ट के मामलों में फरार आरोपी को सशरीर अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है. गिरफ्तारी नहीं होने पर आगे कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई. इससे जुड़ी पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट

Dhanbad News: झारखंड के धनबाद में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके आवास पर इश्तेहार चिपका दिया है. यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई है. लंबे समय से फरार चल रहे प्रिंस खान को अब अदालत में सशरीर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

किन मामलों में वांछित है प्रिंस खान

बैंक मोड़ थाना में दर्ज कई गंभीर मामलों में प्रिंस खान और उसके सहयोगियों की तलाश की जा रही है. थाना कांड संख्या 175/2023 और 277/2023 में रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं. इन मामलों में प्रिंस खान के साथ गोपी खान और सैयद सैफ नक्बी अब्बास भी आरोपी हैं. पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ धनबाद के विभिन्न थानों में कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं. लगातार छापेमारी के बावजूद इनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिसके बाद न्यायालय ने इस्तेहार जारी करने का आदेश दिया.

घर पर चिपकाया गया नोटिस

न्यायालय के निर्देश के बाद बैंक मोड़ पुलिस ने कमर मखदुमी रोड स्थित प्रिंस खान और गोपी खान के आवास पर इश्तेहार चिपकाया. इस नोटिस के माध्यम से स्पष्ट किया गया है कि भगोड़े आरोपी जल्द से जल्द अदालत में हाजिर हों. इस्तेहार में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि आरोपी तय समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसमें संपत्ति कुर्की जैसी सख्त कार्रवाई भी शामिल हो सकती है.

पुलिस का बयान

इस पूरे मामले पर बैंक मोड़ थाना के एएसआई सुनील कुमार रवि ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रिंस खान और गोपी खान लंबे समय से फरार हैं. उन्होंने कहा कि दोनों के खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. एएसआई ने यह भी बताया कि न्यायालय द्वारा इस्तेहार निर्गत होने के बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उनके घर पर नोटिस चिपकाया है. पुलिस का कहना है कि अगर आरोपी जल्द सामने नहीं आते हैं, तो उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

इलाके में बढ़ी हलचल

इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है. स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल है और पुलिस की इस कार्रवाई को सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है. लोगों का मानना है कि इससे अपराधियों पर दबाव बढ़ेगा और वे जल्द कानून के शिकंजे में आएंगे.

इसे भी पढ़ें: घर खाली कराने के लिए पतरातू के हेसला में हाई वोल्टेज ड्रामा, मौके पर पहुंचे यशवंत सिन्हा

आगे क्या होगी कार्रवाई

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यदि प्रिंस खान और उसके साथी अदालत में पेश नहीं होते हैं, तो अगला कदम उनकी संपत्ति कुर्क करने का हो सकता है. साथ ही गिरफ्तारी के लिए दबिश और तेज की जाएगी. धनबाद पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध के खिलाफ एक मजबूत संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रिंस खान कब तक कानून से बचता है या फिर अदालत में आत्मसमर्पण करता है.

इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर में खौलती चाय से जख्मी युवती का इलाज कराएंगे सरयू राय, उठाएंगे पूरा खर्च

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola