VIDEO: रक्षाबंधन पर खान सर का ऐलान- कैंसर अस्पताल के बाद अब अनाथ आश्रम खोलेंगे, बच्चों को अकेलापन महसूस नहीं होने देंगे

Updated:
विज्ञापन

रक्षाबंधन के मौके पर खान सर के निवास पर छात्राओं का सैलाब उमड़ पड़ा. उनकी कलाई पर 5 किलो तक की राखियां बंधीं. इस अवसर पर उन्होंने अनाथ आश्रम खोलने का ऐलान किया.

विज्ञापन

Khan sir Rakhi Celebration 2026 : भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन बिहार में भी पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. लेकिन पटना में इस त्योहार का एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. मशहूर शिक्षक खान सर को राखी बांधने के लिए इस बार भी बड़ी संख्या में छात्राएं पहुंचीं. एक के बाद एक छात्राओं ने उनकी कलाई पर राखियां बांधीं और देखते ही देखते उनका हाथ राखियों से पूरी तरह भर गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

5 किलो तक पहुंचा राखियों का वजन, हाथ उठाना हुआ मुश्किल

खान सर की छात्राओं में रक्षाबंधन पर राखी बांधने की परंपरा हर साल देखने को मिलती है. इस बार भी हजारों छात्राओं के पहुंचने के बाद उनकी कलाई पर राखियों की मोटी परत जम गयी. बताया जा रहा है कि सभी राखियों का वजन करीब 5 किलो तक पहुंच गया. राखियों का वजन इतना अधिक हो गया कि खान सर के लिए अपना हाथ उठाना भी मुश्किल हो गया.

हजारों छात्राओं ने शिक्षक को बांधी राखी

सुबह से ही खान सर के यहां छात्राओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. हाथों में राखी और पूजा की थाली लेकर पहुंचीं छात्राएं अपने शिक्षक की कलाई पर राखी बांधने को लेकर उत्साहित दिखीं. खान सर भी छात्राओं से राखी बंधवाते नजर आये. पूरे परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा.

सिर्फ राखी नहीं, गुरु के प्रति सम्मान का रिश्ता

खान सर के लिए रक्षाबंधन का यह आयोजन केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है. बड़ी संख्या में छात्राएं उन्हें अपना गुरु मानती हैं और इस दिन उनके प्रति सम्मान, स्नेह और विश्वास जाहिर करती हैं. समय के साथ छात्राओं का यह आयोजन खान सर और उनके विद्यार्थियों के बीच एक खास परंपरा बन चुका है.

खान सर बोले- बहनों के सपनों में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए

रक्षाबंधन के मौके पर खान सर ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बहनों के सपनों में कोई बाधा नहीं बननी चाहिए. उनके सपनों का सम्मान किया जाना चाहिए और उन्हें खुलकर आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि परिवार और समाज की बंदिशें बेटियों के सपनों पर नहीं थोपी जानी चाहिए और उनकी राय को भी महत्व दिया जाना चाहिए.

कैंसर अस्पताल के बाद अब अनाथ आश्रम खोलने का ऐलान

रक्षाबंधन पर खान सर ने इस बार एक और बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि वह अनाथ आश्रम खोलने जा रहे हैं. उनका कहना था कि जिन बच्चों का कोई परिवार नहीं है, उनके अकेलेपन को दूर करने और बेहतर भविष्य देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है.

अनाथ बच्चों को शिक्षा से लेकर रोजगार तक का सहारा देने की योजना

खान सर ने बताया कि अनाथ आश्रम में रहने वाले बच्चों को उनके संस्थान के माध्यम से शिक्षा उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी. अगर कोई बच्चा डॉक्टर बनना चाहता है तो उसे उस दिशा में आगे बढ़ाया जाएगा, नर्सिंग या प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चों को भी सहयोग दिया जाएगा. उनका उद्देश्य बच्चों को शिक्षा और करियर के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है.

‘बच्चों को अकेलापन महसूस नहीं होने देंगे’

खान सर ने कहा कि अनाथ आश्रम में रहने वाले बच्चों को अकेलापन महसूस नहीं होने दिया जाएगा. उनके संस्थान में पढ़ने वाले दूसरे बच्चे उनके साथ घुल-मिलकर रहेंगे. इससे अनाथ बच्चों को परिवार जैसा माहौल देने की कोशिश की जाएगी.

कैंसर अस्पताल के उद्घाटन में हुआ थोड़ा विलंब

खान सर ने बताया कि पिछले रक्षाबंधन पर कैंसर अस्पताल खोलने का संकल्प लिया गया था. अस्पताल बनकर तैयार है, लेकिन पिछले कुछ समय में आयी परिस्थितियों के कारण इसके संचालन में करीब दो से ढाई महीने का विलंब हुआ है. उन्होंने कहा कि अस्पताल जल्द शुरू किया जाएगा और इसे बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के साथ संचालित करने की तैयारी है.

रक्षाबंधन पर खान सर की कलाई पर बंधी हजारों राखियां और छात्राओं की भारी भीड़ ने एक बार फिर गुरु-शिष्य के अनोखे रिश्ते की तस्वीर सामने रख दी. वहीं अनाथ आश्रम की घोषणा ने इस आयोजन को सामाजिक सरोकार से भी जोड़ दिया.

Also Read : VIDEO: राखी बांधने CM आवास पहुंचीं बहनें, सम्राट चौधरी से बोलीं- शिक्षा और सुरक्षा पर दीजिए सबसे ज्यादा जोर



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन