पांच घंटे तक लगा रहा शहर की रफ्तार पर ब्रेक

Published at :28 Mar 2017 5:50 AM (IST)
विज्ञापन
पांच घंटे तक लगा रहा शहर की रफ्तार पर ब्रेक

मुसीबत. अतिक्रमण व अवैध पार्किंग ने बढ़ायी परेशानी सासाराम नगर : शहर के पुराने जीटी रोड पर पांच घंटों तक जाम लगा रहा, जिससे शहर की रफ्तार लगभग रुक गयी. सोमवार की सुबह 10 बजे पोस्ट ऑफिस चौक से जाम शुरू हुआ और आधे घंटे में ही यह शहर के बौलिया रोड से संत पॉल्स […]

विज्ञापन

मुसीबत. अतिक्रमण व अवैध पार्किंग ने बढ़ायी परेशानी

सासाराम नगर : शहर के पुराने जीटी रोड पर पांच घंटों तक जाम लगा रहा, जिससे शहर की रफ्तार लगभग रुक गयी. सोमवार की सुबह 10 बजे पोस्ट ऑफिस चौक से जाम शुरू हुआ और आधे घंटे में ही यह शहर के बौलिया रोड से संत पॉल्स मोड़ तक जा पहुंचा. सभी वाहन एक ही स्थान पर रुके रहे. जाम इतना जबरदस्त था कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया. जाम के बाद पुलिस हरकत में आयी, लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी सड़क को जाम से मुक्त नहीं कराया जा सका.
जाम की सूचना मिली तो डीएसपी, मॉडल व नगर थाने की पुलिस दो किलोमीटर तक सड़क पर दौड़ती रही. जाम में सामान्य वाहनों के साथ ही कैदी वाहन, एंबुलेंस, नारायण मेडिकल कॉलेज के वाहन बुरी तरह फंसे रहे. सीबीएसइ की 12वीं की परीक्षा चल रही है और साथ इंटर की प्रायोगिक परीक्षा भी हो रही है. जाम में परीक्षार्थी भी फंसे रहे.
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले पुरानी जीटी रोड सहित सभी मुख्य सड़कों से ठेले व फुटपाथी दुकानों को हटा कर उन्हें वेंडर जोन में भेजा गया था. दो सप्ताह बीतते ही ठेले व फुटपाथी दुकानें दोबारा सड़कों के किनारे काबिज हो गयीं. शहर में जाम लगने के कई कारण बताये जा रहे हैं. इनमें ठेलावाले व फुटपाथी दुकान, टेंपो की अवैध पार्किंग, पुलिस की मनमानी और मुख्य सड़क का अतिक्रमण प्रमुख कारण हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध ठेलेवालों से पुलिस पैसे लेती है और उन्हें सड़कों का अतिक्रमण करने की इजाजत दे देती है.
टेंपो चालक बेतरतीब ढंग से सड़क पर टेंपो लगाते हैं. वे सभी चौक-चौराहों के रास्ते पर टेंपो खड़ा कर देते हैं जिससे सड़क संकरी हो जाती है. यही नहीं गंतव्य के लिए रवाना होने के लिए टेंपो चालक जल्दी मचाते हैं और इसमें ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते हैं, जिससे जाम लग जाता है. बताया जाता है कि टेंपो चालक जल्दी पहुंचने की होड़ में तीन लेयर में टेंपो को चलाते हैं
पोस्ट ऑफिस चौक से लगता है जाम
शहर में पोस्ट ऑफिस चौक से ही जाम शुरू होता है. गौरक्षणी ओवरब्रिज के नीचे बस स्टैंड है .बस स्टैंड आने-जानेवाली बसों को पहले निकाला जाता है जबकि अन्य वाहनों को रोक दिया जाता है. पोस्ट ऑफिस चौक से होकर ही बसों का आना-जाना होता है. लोगों का आरोप है कि पोस्ट ऑफिस चौक पर तैनात पुलिस के जवान पैसे के लोभ में पहले बसों को प्राथमिकता देते हैं जिस कारण जाम लग जाता है.
क्या कहते हैं अधिकारी
शहर में जीटी रोड सहित अन्य मुख्य सड़कों पर जाम की समस्या गंभीर मामला है. जाम में एंबुलेंस, स्कूली वाहन व कैदी वाहन फंस जाते हैं. लोगों को भी बहुत परेशानी होती है. जाम के कई कारण हैं. इनमें शहर में बस पड़ाव का होना मुख्य कारण है. दूसरा कारण टेंपो चालकों की मनमानी है. कई बार इनके खिलाफ सख्ती बरती जाती है लेकिन रोज-रोज ऐसा करना संभव नहीं है. ठेलेवालों को जगह दी गयी, लेकिन वे सड़क पर आने लगे हैं. इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. सभी तरह के अतिक्रमण को हटाया जायेगा. ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई की जायेगी.आलोक रंजन,सदर डीएसपी
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन