जमुहार के नारायण ब्राउनवाल्ड हर्ट इंस्टीट्यूट में एंजियोप्लास्टी शुरू

ऑपरेशन की सफलता पर एनएमसीएच के प्रबंध निदेशक ने दी टीम को दी बधाई सासाराम शहर : नारायण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, जमुहार के तत्वावधान में चल रहे नारायण ब्राउनवाल्ड हर्ट इंस्टीट्यूट में हृदय रोग से परेशान एक मरीज की सफल एंजियोप्लास्टी कर ली गयी है. हृदय में ब्लॉकेज को दुरूस्त करते हुए स्टेंट लगाने […]
ऑपरेशन की सफलता पर एनएमसीएच के प्रबंध निदेशक ने दी टीम को दी बधाई
सासाराम शहर : नारायण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, जमुहार के तत्वावधान में चल रहे नारायण ब्राउनवाल्ड हर्ट इंस्टीट्यूट में हृदय रोग से परेशान एक मरीज की सफल एंजियोप्लास्टी कर ली गयी है. हृदय में ब्लॉकेज को दुरूस्त करते हुए स्टेंट लगाने के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ पाया गया है. उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र के किसी भी चिकित्सीय संस्थान में यह अपनी तरह का पहला ऑपरेशन था.
नारायण ब्राउनवाल्ड हर्ट इंस्टीट्यूट के कार्यकारी निदेशक व अंतराष्ट्रीय स्तर के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ नरेंद्र यादव से मिली जानकारी के मुताबिक, औरंगाबाद जिले के ओबरा निवासी 50 वर्षीय रामाधार महतो हृदय रोग से परेेशान थे. उनके हृदय की दो प्रमुख नालियां – आरसीए व एलएडी लगभग 95 प्रतिशत ब्लॉक हो चुकी थीं. एनएमसीएच में उपचार के लिए आये इस मरीज की दोनों नालियों की एंजियोप्लास्टी मात्र 25 मिनट में सफलतापूर्वक पूरी कर ली गयी. डॉ यादव ने बताया कि एनएमसीएच, जमुहार स्थित इस हर्ट इंस्टीच्यूट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के आधुनिक उपकरणों से लैस किया गया है, ताकि हर तरह के हृदय रोग के उपचार में संस्थान हर वक्त पूरी तरह सक्षम रहे. उनके मुताबिक, संस्थान में सक्षम चिकित्सकों की टीम भी उपलब्ध है, जिससे यहां हृदय रोग संबंधी सभी प्रकार की शल्य चिकित्सा संभव है.
नारायण चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल के प्रबंध निदेशक त्रिविक्रम नारायण सिंह ने हृदय रोग विभाग द्वारा रविवार को हासिल इस महान उपलब्धि के लिए ऑपरेशन करनेवालों की टीम में शामिल डॉ नरेन्द्र यादव, वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ गिरीश नारायण मिश्र व सीनियर एनेस्थेसिस्ट डॉ आरबी सिंह समेत तमाम सहयोगियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध करानेवाला यह हृदय रोग संस्थान न केवल रोहतास जिले के मरीजों के लिए, बल्कि आसपास के जिलों व राज्यों के रोगियों के लिए भी वरदान साबित होगा.
चारों ओर हैं समस्याएं, बनना होगा जिम्मेवार
सभी लोग आएं साथ, बनाएं शहर को शानदार
सासाराम : शहर समस्याओं से जकड़ा है. लेकिन, कोई भी समस्या नहीं. रही बात नागरिकों के सहयोग की, तो हम हर कदम पर नगर सरकार के साथ हैं. नगर की सरकार नयी है. कुछ पुराने लोग भी हैं, जिनके अनुभव काम आयेंगे. बावजूद इसके अगर समस्याओं को दूर करने में कोई परेशानी होती है, तो हम नगर सरकार को सहयोग देने को हमेशा तत्पर हैं.
नगर सरकार शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधा पूर्ण बनाने के लिए अग्रसर होती है, तो शहर के लोग इसका स्वागत करेंगे. उक्त आशय से भरी बातें रविवार को शहर के चौखंडी रोड स्थित आइके इंटरनेशनल होटल के हॉल में प्रभात खबर के तत्वावधान में आयोजित ‘चौपाल’ कार्यक्रम में शहर के संभ्रांत व जागरूक नागरिकों ने कही. वहीं मुख्य व उप मुख्य पार्षद सहित अन्य ने शहर के विकास के लिए लोगों के सुझाये उपायों पर अमल करने का आश्वासन दिया.
शहर में होल्डिंग टैक्स वसूली में पारदर्शिता नहीं होने, सड़क जाम, जलजमाव, अतिक्रमण, सफाई के साथ पर्यटन के लिहाज से शहर को विकसित करने का नागरिकों ने नगर सरकार को उपाय सुझाये. नगर सरकार को पर्यटन से होने वाली आय व नागरिकों के आय बढ़ाने के साधन के लिए अपना पोर्टल बनाने का उपाय सुझाया. तो, कई लोगों ने बढ़ रहे शहर के नये इलाकों को व्यवस्थित रूप से बसाने के लिए योजनाबद्ध तरिके से काम करने की सलाह दी.
हंसी-ठहाकों के बीच नागरिक व पार्षद अपनी-अपनी बात रखते रहे. मुख्य पार्षद कंचन देवी ने नागरिकों के सुझाये उपायों पर अमल करते हुए शहर के विकास की बात कही. वहीं उप मुख्य पार्षद विजय कुमार महतो ने कहा कि इस समय नालों की सफाई कराना ठीक नहीं है. अगली बरसात तक जलजमाव से शहर को मुक्त कराने की कोशिश होगी.
वार्ड की समस्याओं को करेंगे दूर
पहली बार जीत कर आयी वार्ड 34 की महिला पार्षद सुकांति देवी अनुभव की कमी होने के बावजूद शहर के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता मजबूती से रखी. उन्होंने कहा कि वार्ड के लोगों ने मुझ पर विश्वास किया है, उस पर खरी उतरूंगी. वही वार्ड न. 13 की पार्षद रेखा गुप्ता ने भी सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का भरोसा दिया.
वार्ड नं. 19 की पार्षद सविता देवी ने कहा कि सड़कों और नालियों के निर्माण और सफाई की कभी शिकायत नहीं आने दूंगी. वार्ड 22 की पार्षद प्रीति देवी ने कहा कि नागरिकों के कार्य के लिए हमारा दरवाजा हमेशा खुला रहेगा. उनकी समस्याओं को दूर करना मेरा करना मेरा कर्तव्य है. वार्ड 25 की पार्षद सुनीता देवी ने कहा कि शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए अपने वार्ड से जन आंदोलन की शुरुआत करूंगी. नागरिकों से अपील होगी कि कूड़ा सड़क पर नहीं फेंके. वार्ड 32 के पार्षद सचिन कुमार ने कहा कि मैं पहली बार पार्षद बना हूं. लेकिन, समस्याओं से मैं स्वयं जूझता रहा हूं. अपने लोगों को इससे दूर रखने की कोशिश करूंगा.
सरकार को भी पारदर्शिता के साथ करना होगा काम
चौपाल का संचालन करते हुए वरिष्ठ पत्रकार सह अधिवक्ता राजेश कुमार ने कहा कि नगर सरकार के साथ हम नागरिकों का भी दायित्व बनता है कि अपने शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाये. इसके लिए सरकार को सहयोग करना होगा. सरकार को भी पारदर्शिता के साथ काम करना होगा.
जनता का हो साथ, तो भरपूर होगा विकास
‘चौपाल’ में कई पार्षद और शहरवासी शामिल हुए. शहर के विकास के लिए रणनीति और सुझावों के बीच कई बातें निकलीं, जिनमें सबसे महत्वपूर्ण बात रही कि सभी ने आपसी सहयोग के साथ शहर को विकसित करने ठानी. जनता और नगर सरकार के नुमाइन्दों में शहर के विकास की ललक दिखी. वार्ड पार्षदों के जनता दरबार लगाने से लेकर बेवपोर्टल पर जानकारियों को उपलब्ध कराने के भी सुझाव आये. कार्यक्रम में सभी ने विकास के लिए ओछी राजनीति से दूरी बढ़ाने की ठानी है.
…तो इस बरसात बढ़ेंगी मुश्किलें
मानसून के दस्तक के बाद शहर की हालत सबके सामने है. अगर, आप सोचते हैं कि चलो नगर पर्षद कुछ दिन में नालियों की सफाई करा ही देगी, तो आप आंखें खोल लीजिए. राजनीति के उतार-चढ़ाव और सत्ता परिवर्तन के कारण इस बरसात आपकी मुश्किलें बढ़ने वाली हैं.
नयी सरकार की अभी तक पहली बैठक नहीं हुई है. और बरसात की शुरूआत हो चुकी है. अगर ऐसे में नालों की सफाई हुई तो कचरा गलियों और सड़कों पर से फिर नालियों में ही चला जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




