पूर्णिया की बेटी डिंपी कुमारी का मैट्रिक टॉपर वेरिफिकेशन में चयन, जिले में खुशी की लहर
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 28 Mar 2026 7:22 PM
जिले में खुशी की लहर
पूर्णिया पूर्व. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणामों की घोषणा से पूर्व बेलौरी स्थित अचिंत साह उच्च विद्यालय की मेधावी छात्रा डिंपी कुमारी को बिहार बोर्ड मुख्यालय, पटना द्वारा ””””टॉपर वेरिफिकेशन”””” के लिए आमंत्रित किया गया है. 23 मार्च को हुई इस प्रक्रिया के बाद अब पूरे जिले को डिंपी के राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट में शीर्ष स्थान प्राप्त करने की प्रतीक्षा है.डिंपी कुमारी पूर्णिया के घोषपाड़ा (खुश्कीबाग), वार्ड संख्या 42 की निवासी हैं. उनके पिता पुरुषोत्तम कुमार, बेलौरी के पास एक छोटी सी हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद डिंपी ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है. उनके दो छोटे भाई भी वर्तमान में अपनी पढ़ाई कर रहे हैं. अपनी सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए डिंपी ने इसका श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है. वे मां काली इंस्टीट्यूट (घोषपाड़ा) में कोचिंग प्राप्त कर रही थीं. उनके कोचिंग शिक्षक राकेश यादव ने बताया कि डिंपी प्रारंभ से ही एक अनुशासित और जिज्ञासु छात्रा रही हैं, जो किसी भी विषय को गहराई से समझने में विश्वास रखती हैं. वहीं उनके पिता पुरुषोत्तम कुमार के मार्गदर्शन और शिक्षा के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण ने डिंपी को सदैव प्रेरित किया. मीडिया से बात करते हुए डिंपी कुमारी ने अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा किया. उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य देश और राज्य की सेवा करना है. मैं भविष्य में नारी सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक पहल करना चाहती हूं ताकि समाज की अन्य बेटियां भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें. “डिंपी की इस उपलब्धि से जश्न का माहौल है. क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों और शिक्षाविदों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










