पैसे के विवाद में युवक का गला रेता, धारदार दबिया से जानलेवा हमला, एक महिला हिरासत में

Updated:
विज्ञापन
घायल युवक का इलाज करते डॉक्टर व टीम और मौजूद परिजन व अन्य | Prabhat Khabar Network

घायल युवक का इलाज करते डॉक्टर व टीम और मौजूद परिजन व अन्य | Prabhat Khabar Network

पूर्णिया शहर में पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।

विज्ञापन

Purnia Crime News: पूर्णिया शहर के पॉलिटेक्निक चौक स्थित वी मार्ट के पास सोमवार को पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया. घायल युवक की पहचान कटिहार जिले के गेड़ाबाड़ी निवासी महेंद्र जायसवाल के पुत्र गणेश कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से उसे जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया.

एक लाख रुपये के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद

परिजनों के अनुसार गणेश कुमार का नेवालाल चौक पर होटल है. जिस व्यक्ति पर हमला करने का आरोप है, उसका भी उसी इलाके में होटल है. घायल की भाभी सोनी देवी ने बताया कि फरवरी माह में गणेश ने आरोपी को एक लाख रुपये उधार दिए थे, जिसके बदले आरोपी ने अपनी बाइक गिरवी रखी थी. कई महीनों तक पैसे मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा.

50 हजार लौटाने के बाद बढ़ा विवाद

परिजनों का आरोप है कि सोमवार दोपहर आरोपी ने 50 हजार रुपये लौटाए और शेष राशि देने से इनकार कर दिया. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. गणेश ने थाना चलकर मामला सुलझाने की बात कही, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया.

धारदार हथियार से किया हमला

आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी बहन के साथ मिलकर गणेश कुमार पर हमला कर दिया और धारदार दबिया से उसका गला रेत दिया. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी .

एक महिला हिरासत में, मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार आरोपी की बहन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. जीएमसीएच टीओपी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

जीएमसीएच में चल रहा इलाज

Purnia Crime News: गंभीर रूप से घायल गणेश कुमार का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पूर्णिया में जारी है. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


विज्ञापन
विकास वर्मा

लेखक के बारे में

By विकास वर्मा

विकास वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन