पूर्णिया में हो राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के मुख्यालय की स्थापना : खेमका

विधायक विजय खेमका ने कहा
पूर्णिया. विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया सहित सीमांचल के विभिन्न जनहित मुद्दों को सदन में प्रमुखता से रखा. उन्होंने सदन में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के मुख्यालय की स्थापना पूर्णिया में करने का गैरसरकारी संकल्प दिया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिहार को राष्ट्रीय मखाना बोर्ड देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, जिसके लिए पूर्णिया सहित पूरे बिहार के मखाना उत्पादक किसान उनका आभार व्यक्त करते हैं. शून्यकाल के माध्यम से विधायक ने गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा हिंदुओं की आस्था गौमाता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अन्य आयोगों की तर्ज पर “गौवंश विकास आयोग” के गठन की भी मांग की. मखाना बोर्ड की चर्चा करते हुए विधायक श्री खेमका ने बताया कि पूर्वोत्तर बिहार के प्रमंडल पूर्णिया, कोसी और भागलपुर में सर्वाधिक मखाना उत्पादन होता है तथा मखाना का सबसे बड़ा बाजार पूर्णिया में स्थित है. मखाना को जीआई टैग भी पूर्णिया से प्राप्त हुआ है. विधायक ने कहा कि मुख्यालय स्थापना के लिए भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय परिसर में लगभग 210 एकड़ भूमि उपलब्ध है, इसलिए राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का मुख्यालय पूर्णिया में ही स्थापित किया जाना चाहिए. श्री खेमका ने पूर्णिया ईस्ट प्रखंड अंतर्गत हरदा हाट एवं अंदेली हाट को राजस्व विभाग के अधीन सुविधायुक्त सुव्यवस्थित बाजार के रूप में विकसित करने का आग्रह किया. उन्होंने जिला परिषद कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति उपरांत पेंशन एवं चिकित्सा भत्ता प्रदान करने के लिए पंचायती राज मंत्री को पत्र सौंपा. विधायक ने कहा कि बजट सत्र में पूर्णिया के विकास से जुड़े अनेक विषयों को सदन में उठाया गया है, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा स्वीकृति तथा कार्रवाई का आश्वासन प्राप्त हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




