शादी का झांसा देकर बनमनखी बुला अजमेर के चार लोगों को लूटनेवाला गिरोह बेनकाब, पांच गिरफ्तार
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 08 Apr 2026 8:09 PM
बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित लूट गिरोह का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है. इस गिरोह द्वारा शादी कराने का झांसा देकर बाहरी लोगों को बुलाकर सुनसान जगहों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था.
बनमनखी. बनमनखी अनुमंडल क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित लूट गिरोह का पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है. इस गिरोह द्वारा शादी कराने का झांसा देकर बाहरी लोगों को बुलाकर सुनसान जगहों पर लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था. मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ शैलेश प्रीतम ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 05 अप्रैल की रात एक संगठित गिरोह ने राजस्थान के अजमेर से चार व्यक्तियों को शादी का प्रलोभन देकर बनमनखी बुलाया. आरोपितों ने पीड़ितों को लड़की दिखाने के बहाने वाहन से सुनसान स्थान की ओर ले जाकर उनके साथ मारपीट की और लूट की घटना को अंजाम दिया. उन्होंने बताया कि अपराधियों ने पीड़ितों से 98,000 रुपये, 4 मोबाइल फोन व अन्य सामान छीन लिया और उन्हें सड़क पर छोड़कर फरार हो गये. घटना की गंभीरता को देखते हुए बनमनखी थाना में कांड 87/26 दर्ज कर एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ श्री प्रीतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में सुपौल जिला निवासी मो कौसर खान, मो मुमताज, मो आरिफ खान, मुजफ्फरपुर जिला निवासी रीना देवी व पश्चिम बंगाल के निवासी मो मकबूल शामिल हैं. सभी आरोपित आपस में संगठित रूप से इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देते थे. उनके पास से 7 मोबाइल फोन बरामद किये गये जिसमें 4 लूटे गये थे. घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, एक लोहे का रॉड सहित अन्य उपकरण बरामद किया है. एसडीपीओ ने बताया कि यह गिरोह विशेष रूप से बाहर के लोगों को निशाना बनाता था. पहले शादी का झांसा देकर संपर्क स्थापित किया जाता था. फिर लड़की दिखाने के बहाने सुनसान स्थान पर ले जा कर उसके साथ मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम दिया करता था. गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है. साथ ही इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है ताकि अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके. प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ श्री प्रीतम ने आम लोगों से अपील की कि अनजान व्यक्तियों के झांसे में आकर शादी या अन्य प्रलोभनों में न फंसे और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. उन्होंने बताया कि छापेमारी दल में थानाध्यक्ष संजय कुमार, पुअनि ऋषि यादव, कमल कुमार, सुधांशु राज, अनिशा कुमारी, चन्द्र प्रकाश, सअनि संजीव कुमार के अलावा सशस्त्र बल शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










