ePaper

नकल निकलवाने के नाम पर ठगी करने वाला दलाल धराया, लोगों ने की पिटायी

Updated at : 09 Mar 2026 7:26 PM (IST)
विज्ञापन
नकल निकलवाने के नाम पर ठगी करने वाला दलाल धराया, लोगों ने की पिटायी

जमीन के कागजात निकलवाने के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठने वाले एक कथित दलाल को लोगों ने पकड़ लिया.

विज्ञापन

पूर्णिया. जमीन के कागजात निकलवाने के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठने वाले एक कथित दलाल को लोगों ने पकड़ लिया. मामला समाहरणालय परिसर का है, जहां ठगी के शिकार एक व्यक्ति ने दलाल को धर दबोचा और कॉलर पकड़कर उसकी पिटाई कर दी. इस दौरान वह उससे कागजात निकलवाने के नाम पर दिये गये एक हजार रुपये वापस मांगता रहा. वहां काफी देर तक हंगामा होता रहा और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी. पकड़े गये व्यक्ति सिपाही टोला निवासी बताया गया, जबकि ठगी का आरोप लगाने वाले पीड़ित व्यक्ति शास्त्रीनगर निवासी हैं. पीड़ित ने बताया कि उन्होंने जमीन का कागजात निकलवाने के लिए कथित दलाल को एक हजार रुपये दिए थे, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद न तो कागज मिला और न ही पैसा लौटाया गया. कई बार मांगने पर वह हर बार नई तारीख देकर टालता रहा. पिछले दो महीने से लगातार दलाल को खोज रहा था, लेकिन हर बार नई तारीख देकर वह बच निकलता था. सोमवार को पकड़ में आने के बाद भी वह नशे की हालत में समय मांगता रहा. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कथित दलाल खुद को रिकॉर्ड रूम का मुंशी बताकर लोगों से पैसे लेता था. हालांकि, पूछताछ के दौरान उसने खुद को प्राइवेट मुंशी बताया. वहीं उसने रिकॉर्ड रूम के दो स्टाफ का नाम लेते हुए कहा कि उनके माध्यम से 600 से 700 रुपये लेकर जमीन का कागजात निकलवाने का काम किया जाता है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त दलाल ने कई लोगों से करीब छह महीने पहले भी पैसे लिये थे, लेकिन अब तक किसी को न तो कागजात मिला और न ही रकम वापस की गयी. जब भी लोग पैसे या कागज की मांग करते, वह कभी अधिकारियों के हस्ताक्षर का बहाना बनाता, तो कभी अन्य कारण बताकर बात टाल देता था. वहीं कथित दलाल ने कहा कि वह निजी मुंशी के रूप में काम करता है और रिकॉर्ड रूम के माध्यम से कागजात निकलवाने का काम करता है. उसने कहा कि वह पैसे वापस कर देगा और इसके लिए थोड़ा समय देने की मांग की. घटना की सूचना पुलिस को दी गयी, इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दलाल को केहाट थाना लेकर चली गयी. थानाध्यक्ष उदय कुमार ने बताया कि आरोपित को शराब मामले में जेल भेजा जा रहा है.

विज्ञापन
ARUN KUMAR

लेखक के बारे में

By ARUN KUMAR

ARUN KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन