ePaper

पूर्णिया में खुले में मांस की बिक्री पर निगम का बड़ा एक्शन, सख्ती से हटायी गई दुकानें

Updated at : 25 Feb 2026 6:56 PM (IST)
विज्ञापन
पूर्णिया में खुले में मांस की बिक्री पर निगम का बड़ा एक्शन, सख्ती से हटायी गई दुकानें

सख्ती से हटायी गई दुकानें

विज्ञापन

अभियान के पहले दिन हटायी गईं दो दर्जन से अधिक दुकानें

नियमों के विरुद्ध दुकान चलाने वालों से वसूला गया जुर्माना

नगर निगम ने किया अगाह: नियम तोड़ने वालों पर सख्ती तय

पूर्णिया. राज्य सरकार के आदेशों के आलोक में बुधवार को खुले में मटन-चिकेन बेचने वालों पर निगम का बड़ा एक्शन हुआ. नगर निगम द्वारा गठित विशेष टीम के अधिकारियों ने न केवल सख्ती के साथ इन दुकानों को हटाया बल्कि कानून का उल्लंघन करने वाले मीट विक्रेताओं से जुर्माना भी वसूला. नगर निगम ने अगाह किया है कि नियम तोड़ने वालों के साथ सख्ती तय है. बुधवार को मीट-शॉप पर कानून का शिकंजा कसे जाने की पहले दिन की कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. हालांकि यह कार्रवाई शहर के कुछ हिस्सों में ही हुई है पर इसको लेकर पूरे शहर में नियमों और स्वच्छता मानकों के विरुद्ध मीट शॉप चलाने वालों में खलबली है. निगम की ओर से यह कार्रवाई अभी लगातार चलने वाली है. गौरतलब है कि बुधवार को नगर निगम की टीम ने सिटी मैनेजर राजेश कुमार झा के नेतृत्व में गुलाबबाग जीरोमाइल, पॉलिटेक्निक चौक, चूनापुर बायपास नहर रोडके किनारे यह अभियान चलाया. इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित मटन और चिकन की दो दर्जन से अधिक दुकानों को हटाया गया और जुर्माना भी वसूला गया. निगम की टीम ने इन सबसे करीब 9000 रुपये जुर्माना वसूले.नगर निगम ने सड़क किनारे इन दुकानों पर बुलडोजर चला कर एक तरफ जहां अवैध मीट शॉप बंद कराया वहीं सड़क की जमीन को भी इन दुकानदारों के अवैध कब्जे से मुक्त कराया. पॉलिटेक्निक चौक और चूनापुर बायपास नहर के किनारे बनीं अस्थायी दुकानों के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी. इस कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा पर निगम के अधिकारियों ने किसी की नहीं सुनी. निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि सरकार के आदेश और नियमों के तहत स्वच्छता मानकों को लागू करने के लिए पूरी सख्ती बरती जाएगी. यह चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा उसी स्थान पर दुकान सजाई गई, तो कानूनी कार्रवाई के साथ सामग्री भी जब्त कर ली जाएगी. दरअसल, टीम द्वारा जांच में पाया गया कि कई दुकानें बिना लाइसेंस के चल रही थीं और सड़क किनारे खुले में अवशेष फेंकने से क्षेत्र में भारी गंदगी फैल रही थी.

नगर निगन ने पहले जारी कर दिया था अल्टीमेटम

गौरतलब है कि सरकार के आदेशों के आलोक में अवैध रूप से चल रही मटन, मुर्गा और मछली की दुकान चलाने वालों को नगर निगम की ओर से पहले हीअल्टीमेटम जारी कर दिया गया था. इससे पहले शहर के सभी प्रमुख सड़कों का सर्वे कर ऐसी दुकानों की सूची तैयार कर ली थी. निगम के सर्वे के मुताबिक शहर के मधुबनी बाजार से मझेली चौक, लाइन बाजार, जनता चौक, गुलाबबाग, खुश्कीबाग समेत कई बाजारों और मुख्य सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर तकरीबन डेढ़ सौ से अधिक अवैध रूप से खुले में मांस, मुर्गा व मछली की दुकानें चल रही थी. मगर, अब नगर निगम ने इस पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने का फैसला लिया है. निगम द्वारा गठित टीम पुलिस बल के साथ लगातार शहर के विभिन्न वार्डों और चौक-चौराहों के मीट शॉप पर शिकंजा कसेगी.यह टीम बिना किसी रियायत के सीधे जब्ती और हटाने की प्रक्रिया शुरू करेगी. इस दौरान स्वच्छता मानकों का पालन नहीं करने और बिना लाइसेंस के मीट शॉप चलाने वालों को कानून के दायरे में समेटा जाएगा.गर निगम की टीम में रूफी तबरेज, अनिल शर्मा, अमित कुमार झा सहित पुलिस कर्मी शामिल थे.

कहते हैं अधिकारी

शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. शहर की मुख्य सड़क किनारे गंदगी फैलाना और सड़कों पर अवैध कब्जा करना कानूनन अपराध है. सरकार केनिर्देशों के आलोक में यह अभियान लगातार जारी रहेगा.

राजेश कुमार झा, सिटी मैनेजर

विज्ञापन
AKHILESH CHANDRA

लेखक के बारे में

By AKHILESH CHANDRA

AKHILESH CHANDRA is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन