बिजली संकट पर उपभोक्ताओं ने की बैठक, दी आंदोलन की चेतावनी
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 26 May 2026 6:11 PM
बीकोठी
बीकोठी. लगातार हो रही बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या, जले हुए ट्रांसफॉर्मर, टूटे एवं झुके बिजली पोल तथा विभागीय लापरवाही से परेशान प्रखंडवासियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है. विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रखंड क्षेत्र के गांवों एवं बड़हराकोठी के स्थानीय उपभोक्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक बड़हराकोठी बस स्टैंड धर्मशाला प्रांगण में आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. बैठक में उपभोक्ताओं ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. लो-वोल्टेज की समस्या से घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं. जबकि कई स्थानों पर बिजली पोल झुकी हुई अवस्था में खतरा बने हुए हैं. जले हुए ट्रांसफॉर्मर और जर्जर तारों के कारण आए दिन बिजली बाधित रहती है. ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि विद्युत समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को लिखित आवेदन सौंपा जाएगा.साथ ही मांग की गई कि नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जर्जर तारों को अविलंब बदला जाए, ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ायी जाए तथा टूटे एवं खतरे की स्थिति में खड़े बिजली पोलों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए. बैठक में यह भी मांग उठी कि गांव में बिजली मरम्मत कार्य के लिए स्थायी एवं त्वरित व्यवस्था की जाए, ताकि खराबी होने पर लोगों को लंबे समय तक परेशान न होना पड़े. उपभोक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो सभी लोग एकजुट होकर चरणबद्ध जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










