जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच झड़प में 13 लोग घायल
Published by : Abhishek Bhaskar Updated At : 18 May 2026 6:33 PM
मीरगंज थाना क्षेत्र के रंगपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर बीती रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में दोनों पक्षों से कुल 13 लोग घायल हो गये,
धमदाहा. मीरगंज थाना क्षेत्र के रंगपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर बीती रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प में दोनों पक्षों से कुल 13 लोग घायल हो गये, सभी घायलों का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है. इस संबंध में मीरगंज थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन दिया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रथम पक्ष के शाहबाज मंसूरी, निवासी रंगपुरा ने बताया कि रविवार को मो शमीम उर्फ चना 25 से 30 लोगों के साथ पहुंचे और जबरन टीना का घर व टट्टी तोड़ने लगे. विरोध करने पर विपक्षी पक्ष उग्र हो गये और लोहे की रॉड, लाठी, दबिया व देसी कट्टा जैसे हथियारों से हमला कर दिया. मारपीट में शाहबाज मंसूरी समेत कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को धमदाहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया. वहीं दूसरे पक्ष की राहो परवीन, निवासी रंगपुरा ने बताया कि उनके खेत तक जाने का एकमात्र रास्ता है. आरोप है कि विपक्षी ने पहले से उस जमीन पर अतिक्रमण किया था. बीते दिन प्रशासन की मौजूदगी में जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था. राहो परवीन ने आरोप लगाया कि 15 मई को आलम मंसूरी समेत करीब 15 लोग दोबारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर घर बनाने लगे. उस समय वे लोग मकई सुखा रहे थे. विरोध करने पर विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडा एवं धारदार हथियार से हमला कर दिया. इस घटना में मो शमीम समेत कुल पांच लोग घायल हो गये. वहीं प्रथम पक्ष शाहबाज मंसूरी ने मो शमीम उर्फ चना समेत कुल 19 लोगों पर मामला दर्ज कराया है. वहीं दूसरे पक्ष राहो खातून ने आलम मंसूरी समेत कुल 15 लोगों पर मामला दर्ज करवाया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










