तेजस्वी यादव आज रोहतास क्यों जा रहे हैं, मजदूर की हत्या पर कैसे चढ़ायेंगे राजनीतिक रंग, जानिए पूरी कहानी…

Updated:
विज्ञापन

तेजस्वी यादव

रोहतास में मजदूर की हत्या ने राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस मामले में पीड़ित परिवार से मिलने रोहतास जा रहे हैं. जानें इस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलू और तेजस्वी के दौरे का मकसद.

विज्ञापन

Tejashwi Yadav: रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में मजदूर चंदेश्वर चौधरी की हत्या का मामला अब राजनीतिक मुद्दा बनती दिख रही है. हत्या, ग्रामीणों के आक्रोश, आगजनी, आरोपी की गिरफ्तारी और 36 घंटे बाद नहर से शव बरामद होने के बाद अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले को बिहार की कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साधा है. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लगातार अपराध बढ़ रहा है और अपराधियों का बोलबाला है. उन्होंने कहा कि वे आज रोहतास जायेंगे, जहां वो पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे.

तेजस्वी ने शुक्रवार को क्या कहा?

शुक्रवार को तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लगातार अपराध बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि उन्होंने डीजीपी से भी इस मुद्दे पर बात की है और बिहार की छवि ऐसी बनाई जा रही है, जैसे यहां पुलिस स्टेट हो. तेजस्वी ने कहा कि बिहार जेपी, कर्पूरी ठाकुर और लालू प्रसाद यादव की धरती है. उन्होंने रोहतास की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मजदूरी मांगने गये एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है. तेजस्वी ने कहा कि वह शनिवार को रोहतास जायेंगे और मृतक के परिवार से मिलेंगे.


आज क्या करेंगे तेजस्वी?

तेजस्वी यादव आज रोहतास के दिनारा क्षेत्र स्थित जोगिया गांव जाने वाले हैं. वहां वह मृतक चंदेश्वर चौधरी के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेंगे. माना जा रहा है कि इस दौरान वह कानून-व्यवस्था और मजदूर की हत्या के मुद्दे को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोल सकते हैं. चंदेश्वर हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई, आरोपितों की गिरफ्तारी और प्राथमिकी के बावजूद तेजस्वी इस घटना को बिहार में अपराध की स्थिति से जोड़कर सरकार को घेर रहे हैं.

Also Read: Yogiya Murder Case: 8 अगस्त को दिनारा आएंगे तेजस्वी यादव, चंदेश्वर चौधरी के परिजनों से करेंगे मुलाकात

अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा घटनाक्रम

अजीत तिवारी के यहां चरवाही करते थे चंदेश्वर और उनका बेटा

दिनारा थाना क्षेत्र के भुई पंचायत के जोगिया गांव निवासी चंदेश्वर चौधरी और उनका पुत्र दीपक चौधरी पहले अजीत तिवारी के यहां चरवाही का काम करते थे. बताया गया कि बाद में दीपक ने वहां काम छोड़ दिया और गांव के ही दूसरे व्यक्ति के यहां मजदूरी करने लगा. इसी के बाद दोनों पक्षों के बीच मजदूरी के हिसाब-किताब को लेकर विवाद बढ़ गया. मृतक के पुत्र का दावा है कि उसके पिता की करीब 50 से 60 हजार रुपये मजदूरी बकाया थी, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से मजदूरी के बकाये को लेकर अलग दावा किया गया था.

पार्टी के दौरान चंदेश्वर को बुलाने की बात सामने आयी

ग्रामीणों के अनुसार, घटना से एक रात पहले अजीत तिवारी के यहां पार्टी चल रही थी और डीजे बज रहा था. इसी दौरान चंदेश्वर को बुलाये जाने की बात सामने आयी. परिजनों के आरोप के अनुसार, बाद में उन्हें बकाया मजदूरी की रकम के सिलसिले में बुलाया गया था. पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और घटना से पहले तथा घटना के समय वहां मौजूद लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.

मौके पर बरामद शराब की बोतलें

मजदूरी लेने पहुंचे चंदेश्वर की गोली मारकर हत्या का आरोप

मृतक के पुत्र दीपक चौधरी के आरोप के अनुसार, उनके पिता बकाया मजदूरी की रकम लेने अजीत तिवारी के पास गये थे. उनके साथ गांव के केदार चौधरी भी थे. आरोप है कि वहां अजीत तिवारी ने पहले चंदेश्वर के साथ मारपीट की. स्थिति बिगड़ने पर केदार चौधरी वहां से भाग निकले. इसके बाद अजीत तिवारी द्वारा चंदेश्वर को गोली मारने का आरोप है. दीपक का यह भी आरोप है कि हत्या के बाद शव को गाड़ी में रखकर वहां से ले जाया गया.

हालांकि, ये आरोप मृतक के पुत्र की ओर से लगाये गये हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

हत्या के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, घर और वाहनों में आगजनी

चंदेश्वर की हत्या की खबर फैलने के बाद जोगिया गांव में आक्रोश फैल गया. गुस्साये ग्रामीणों ने आरोपी के घर के अलावा हार्वेस्टर, ट्रैक्टर, कार समेत कई वाहनों में आग लगा दी. स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलने पर एसपी रौशन कुमार समेत कई वरीय अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया. इसके बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी और पुलिस बल की तैनाती की गयी.

एआई जेनरेडेट सांकेतिक तस्वीर।
सांकेतिक तस्वीर। AI Generated

पुलिस ने चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को पकड़ा

घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू किया. एसपी रौशन कुमार के अनुसार, घटना के करीब चार घंटे के भीतर मुख्य आरोपित अजीत तिवारी और उसके पुत्र चिंगारी तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया. दोनों को दिनारा थाना लाकर पूछताछ की गयी. प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

36 घंटे बाद नहर से मिला चंदेश्वर का शव

घटना के बाद चंदेश्वर का शव बरामद नहीं होने से पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी. करीब 36 घंटे बाद मुख्य आरोपी अजीत तिवारी की निशानदेही पर सुरतापुर गांव के समीप नहर में शव की तलाश शुरू करायी गयी. एसपी के निर्देश पर पहले नहर में पानी कम कराया गया. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया. गुरुवार सुबह करीब 10 बजे कड़ी मशक्कत के बाद चंदेश्वर चौधरी का शव नहर से बरामद कर लिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की.

AI द्वारा बनाया गया सांकेतिक तस्वीर

बेटे के बयान पर पांच नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी

मृतक के पुत्र दीपक चौधरी के बयान पर दिनारा थाने में पांच नामजद समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपित फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस घटना के कारण, हत्या में शामिल लोगों की भूमिका और शव को नहर तक पहुंचाने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

अब हत्या से ज्यादा बड़ा हो गया है राजनीतिक मुद्दा

चंदेश्वर हत्याकांड अब सिर्फ एक आपराधिक घटना तक सीमित नहीं रह गया है. शव बरामद होने, प्राथमिकी दर्ज होने और मुख्य आरोपी पिता-पुत्र की गिरफ्तारी के बाद भी यह मामला राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है. तेजस्वी यादव ने इसे बिहार में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति से जोड़ते हुए सरकार पर हमला बोला है. आज उनका रोहतास दौरा इसी मामले को लेकर राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है. अब नजर इस बात पर रहेगी कि मृतक के परिवार से मुलाकात के बाद तेजस्वी सरकार और पुलिस की कार्रवाई को लेकर क्या सवाल उठाते हैं.

Also Read: एक्सप्लेनर : रोहतास हत्याकांड में क्या हुआ? जानिए गोलीकांड, आगजनी और आरोपी की गिरफ्तारी की पूरी कहानी


विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन