पटना: छाता में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर तनाव, पूर्व विधायक ने बीडीओ पर लगाए गंभीर आरोप

Updated:
विज्ञापन

जमीन के पास मौजूद

सौढ़ी प्रखंड के छाता गांव में कब्रिस्तान की जमीन पर पंचायत भवन निर्माण को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है. पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने ग्रामीणों के विरोध के बावजूद जेसीबी से खुदाई का आरोप लगाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है.

विज्ञापन

Patna News : मसौढ़ी प्रखंड के छाता गांव में कब्रिस्तान की जमीन पर पंचायत भवन निर्माण को लेकर विवाद के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है. शुक्रवार को मामले की जांच के लिए भाकपा माले की पांच सदस्यीय टीम गांव पहुंची. टीम का नेतृत्व पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने किया.

जानिए क्या है मामला

जांच के बाद पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि पंचायत भवन निर्माण के लिए कब्रिस्तान की जमीन का हिस्सा लिये जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ है. उन्होंने कहा कि गांव के उत्तर में वर्ष 1911 से करीब 22 कट्ठा कब्रिस्तान की जमीन है, जहां लंबे समय से शव दफनाये जाते रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत भवन निर्माण के लिए इस जमीन के करीब 15 फीट हिस्से को लेने का प्रयास किया जा रहा है.

जेसीबी से गड्ढा खोदने का ग्रामीणों ने किया विरोध

पूर्व विधायक ने बताया कि पांच अगस्त को अंचलाधिकारी और बीडीओ गांव पहुंचे थे. इसी दौरान जेसीबी से कब्रिस्तान की जमीन में गड्ढा खोदने का प्रयास किया गया, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की सूचना प्रशासन के वरीय अधिकारियों को दिये जाने के बावजूद विवादित जमीन पर निर्माण को लेकर दबाव बनाया गया.

बीडीओ पर तनाव बढ़ाने का लगाया आरोप

पूर्व विधायक गोपाल रविदास ने बीडीओ पर दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया. उन्होंने पटना डीएम से मामले में हस्तक्षेप कर शांति व्यवस्था कायम रखने और विवादित जमीन पर यथास्थिति बनाये रखने की मांग की. साथ ही उन्होंने बीडीओ को मसौढ़ी से हटाने की मांग भी की. जांच टीम में नागेश्वर पासवान, विनेश चौधरी, प्रखंड सचिव राकेश कुमार और कपिल पासवान शामिल थे. प्रशासन की ओर से लगाए गये आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है.


विज्ञापन
Ajay Kumar Masaurhi

लेखक के बारे में

By Ajay Kumar Masaurhi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन