मसौढ़ी में आठ दिनों से जारी हड़ताल खत्म, काम पर लौटे सफाईकर्मी, अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे थे
हड़ताल खत्म होने के बाद सफाई करते
मसौढ़ी में आठ दिनों से जारी सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अचानक समाप्त हो गई है. समाचार पत्रों में खबर पढ़ने के बाद कर्मी स्वतः काम पर लौट आए, जिससे नगर क्षेत्र में सफाई कार्य फिर से शुरू हो गया है.
Patna News : मसौढ़ी नगर परिषद के सफाई कर्मियों की आठ दिनों से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को अचानक समाप्त हो गयी. पटना समेत राज्य के अन्य नगर निकायों में गुरुवार को हड़ताल समाप्त होने के बावजूद मसौढ़ी के सफाई कर्मी शुक्रवार सुबह तक धरना पर डटे रहे थे. गुरुवार की शाम तक नगर परिषद कार्यालय के समीप सफाई कर्मियों ने हड़ताल समाप्त नहीं की थी.
बताया जाता है कि सफाई कर्मी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे. गुरुवार को पटना समेत कई स्थानों पर हड़ताल समाप्त होने के बाद मसौढ़ी में भी सफाई कर्मियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे और शाम तक धरना देते रहे.
बाहरी मजदूरों का किया था विरोध
गुरुवार को नगर परिषद क्षेत्र में सफाई कराने के लिए बाहरी मजदूरों को लाया गया था. सफाई कर्मियों ने इसका विरोध किया. आरोप है कि विरोध के दौरान बाहरी मजदूरों के साथ मारपीट की गयी और उन्हें वहां से भगा दिया गया.
अखबार में खबर पढ़कर खुद काम पर लौटे
इसी बीच शुक्रवार की सुबह सफाई कर्मियों ने समाचार पत्रों में पटना समेत अन्य स्थानों पर सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त होने की खबर पढ़ी. इसके बाद बिना किसी औपचारिक घोषणा या प्रशासनिक निर्देश के मसौढ़ी के सफाई कर्मी स्वयं ही हड़ताल समाप्त कर काम पर लौट गये.
नगर प्रशान ने राहत की सांस ली
सफाई कर्मियों के काम पर लौटते ही नगर क्षेत्र में सफाई कार्य शुरू हो गया. इससे पिछले आठ दिनों से जगह-जगह जमा कचरे से परेशान लोगों को राहत मिली. गौरतलब है कि गुरुवार को दिनभर नगर परिषद प्रशासन और अन्य लोगों की ओर से सफाई कर्मियों को हड़ताल समाप्त करने के लिए समझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन वे तैयार नहीं हुए थे. ऐसे में शुक्रवार सुबह अचानक उनके काम पर लौटने से नगर परिषद प्रशासन ने भी राहत की सांस ली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










