100 बीघा का मालिक बर्दाश्त नहीं कर सका चरवाहे की 'हिम्मत'; रोहतास में भड़की बदले की 'आग' की पूरी कहानी...

Updated:
विज्ञापन

एआई जेनरेडेट सांकेतिक तस्वीर।

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रोहतास जिले के जोगिया गांव में एक मामूली मजदूरी विवाद ने एक परिवार उजाड़ दिया, जहां चंदेश्वर चौधरी की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. जानिए कैसे यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया.

विज्ञापन

Yogiya Murder Case: रोहतास के जोगिया गांव में 'जमींदार' अजीत तिवारी के हाथों हुए चरवाहे चंदेश्वर चौधरी की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. विवाद सिर्फ इतना था कि चंदेश्वर चौधरी के बेटे ने अजीत तिवारी के घर काम छोड़, उसके पटीदार के घर काम शुरू कर दिया था. यह एक मामूली विवाद खून-खराबे में बदल गया. पहले एक हत्या हुई, फिर बदले में लोगों ने अजीत तिवारी का घर जला दिया. करीब 100 बीघा जमीन का मालिक अजीत तिवारी अब पुलिस के कब्जे में है लेकिन इलाके में सन्नाटा पसरा है. लोग अभी भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि सामंती सोच ने कैसे एक परिवार को उजाड़ दिया.

विज्ञापन

पहले जानिए, कौन है अजीत तिवारी, कैसे शुरू हुआ विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार करीब 55 वर्षीय अजीत तिवारी के दो पुत्र हैं. एक पुत्र बाहर रहकर पढ़ाई करता है, जबकि दूसरा गांव में रहकर खेती-बाड़ी देखता है. ग्रामीणों का दावा है कि उनके पास करीब 100 बीघा कृषि भूमि है. इसी जमीन पर गांव के ही चंदेश्वर चौधरी और उनका पुत्र दीपक चौधरी चरवाही का काम करते थे. बाद में दीपक ने वहां काम छोड़ दिया और गांव के ही रहनेवाले अजीत तिवारी के पटीदार अरुण तिवारी के यहां काम करने लगा.

ग्रामीणों के अनुसार, अरुण तिवारी के यहां काम करने की वजह से अजीत तिवारी दीपक से नाराज चल रहा था. इसी बीच मजदूरी के बकाये रकम को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद था. दीपक का कहना है कि अजीत तिवारी के यहां उसके पिता चंदेश्वर की मजदूरी का पैसा बकाया था, जबकि अजीत तिवारी का दावा था कि मजदूरी का हिसाब पहले ही चुकता हो चुका था. आगे वीडियो में ग्रामीण से जानिए विवाद और फिर हुई घटना की कहानी...

View on Instagram

Jogiya Murder Case : हत्या से पहले और अगले दिन क्या हुआ?

ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार की शाम अजीत तिवारी के यहां पार्टी चल रही थी और डीजे बज रहा था. इसी दौरान चंदेश्वर को शराब लाने के लिए कहा गया. बताया जाता है कि वह उस रात नहीं आए. बुधवार सुबह करीब छह बजे चंदेश्वर चौधरी अपने परिचित केदार चौधरी के साथ अजीत तिवारी के बुलावे पर उनके दलान पहुंचे थे.

केदार चौधरी ने ग्रामीणों और पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि जैसे ही दोनों परिसर के अंदर पहुंचे, अजीत तिवारी ने चंदेश्वर चौधरी का हाथ पकड़कर मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान वह जान बचाकर बाहर भाग निकले. भागते समय उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी. उन्होंने तत्काल गांव वालों को घटना की सूचना दी. आरोप है कि इसके बाद अजीत तिवारी घायल चंदेश्वर चौधरी को अपनी टाटा सफारी में बैठाकर वहां से फरार हो गए. बाद में चंदेश्वर का शव दिनारा क्षेत्र में सूरतापुर नहर के समीप से बरामद किया गया.

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, दलान और गाड़ियों में लगाई आग

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने आरोपित के दलान और परिसर में जमकर तोड़फोड़ की. आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर के अलावा हार्वेस्टर, ट्रैक्टर, कार समेत कई वाहनों में आग लगा दी. हालात इतने बिगड़ गए कि स्थिति पर नियंत्रण पाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

हालात को नियंत्रित करने के लिए बिक्रमगंज डीएसपी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. 

View on Instagram

आगजनी के बाद दलान से शराब मिलने की चर्चा

घटना के बाद पूरे इलाके में हिंसा, आगजनी और भारी पुलिस कार्रवाई का दौर जारी रहा. पुलिस ने घटनास्थल स्थित आरोपित अजीत तिवारी के दलान की तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में विदेशी शराब की खाली बोतलें तथा कुछ सील पैक महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद की हैं. हालांकि पुलिस ने इस बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

ग्रामीणों का यह भी कहना है कि घटना से एक रात पहले मंगलवार की रात आरोपित के घर पर देर रात तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था और कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी थी. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि बुधवार सुबह आरोपित ने अपने पालतू कुत्ते को भी गोली मार दी, जिससे उसके पैर में चोट लगी. पुलिस ने घायल कुत्ते का उपचार कराया है.

मौके पर बरामद शराब की बोतलें
मौके पर बरामद शराब की बोतलें

यूपी के गाजीपुर से पकड़ाया अजीत तिवारी

मृतक के पुत्र दीपक चौधरी के बयान पर अजीत तिवारी समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी. बिक्रमगंज एसडीपीओ सिंधुशेखर सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी अजीत तिवारी को बुधवार शाम को ही यूपी के गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल उससे दिनारा थाना में पूछताछ की जा रही है.

View on Instagram

अब जोगिया में क्या स्थिति है?

हत्या के दूसरे दिन गुरुवार को जोगिया गांव में सन्नाटा पसरा रहा. एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में पुलिस का अस्थायी कैंप बनाया गया है. महिला और पुरुष पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं.

गांव के कई लोग घरों में सिमटे हुए हैं और पूरे इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए स्थिति पर नजर रख रही है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

एक मजदूरी विवाद, जिसने परिवार उजाड़ दिया

जोगिया की इस घटना में एक ओर जहां पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है, वहीं चंदेश्वर चौधरी के परिवार के सामने सबसे बड़ा संकट खड़ा हो गया है. जिस मजदूरी के विवाद ने शुरुआत में दो पक्षों के बीच तनाव पैदा किया, वही विवाद आखिरकार एक परिवार से उसका मुखिया छीनने और पूरे गांव में दहशत फैलाने तक पहुंच गया.

Also Read: मजदूर को घर बुलाकर गोली मारने का आरोप, शव लेकर फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित का घर फूंका

रोहतास के योगिया हत्याकांड में मुख्य आरोपित गिरफ्तार, गाजीपुर से दबोचा गया अजीत तिवारी, कई पहलुओं की जांच जारी


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन