एक्सप्लेनर : रोहतास हत्याकांड में क्या हुआ? जानिए गोलीकांड, आगजनी और आरोपी की गिरफ्तारी की पूरी कहानी
AI द्वारा बनाया गया सांकेतिक तस्वीर
Yogiya Murder Case : रोहतास के योगिया गांव में मजदूर चंदेश्वर चौधरी की कथित हत्या के बाद हिंसा, आगजनी और पुलिस कार्रवाई तेज हो गई. मुख्य आरोपी अजीत तिवारी को गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया है. जानिए पूरे मामले की टाइमलाइन और अब तक क्या-क्या सामने आया.
Yogiya Murder Case Explained : रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के योगिया गांव में बुधवार सुबह हुई कथित हत्या के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. आरोप है कि मजदूर चंदेश्वर चौधरी को गांव के ही अजीत तिवारी ने अपने दलान पर बुलाया था. घटना के बाद हिंसा, आगजनी और पुलिस कार्रवाई का दौर शुरू हो गया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल जारी है.
मारपीट और गोली चलाने का आरोप
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब छह बजे मजदूर चंदेश्वर चौधरी अपने परिचित केदार चौधरी के साथ अजीत तिवारी के बुलावे पर उनके दलान पहुंचे थे. केदार चौधरी ने पुलिस और ग्रामीणों को दिए अपने बयान में आरोप लगाया कि परिसर में पहुंचते ही अजीत तिवारी ने चंदेश्वर चौधरी के साथ मारपीट शुरू कर दी. (Rohtas Murder Case Full Story) उन्होंने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर बाहर निकल गए. बाहर निकलते समय उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आरोप है कि इसके बाद घायल चंदेश्वर चौधरी को अजीत तिवारी अपनी टाटा सफारी में बैठाकर मौके से फरार हो गया.
आक्रोशित ग्रामीणों ने दलान में लगाई आग
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के दलान और परिसर में तोड़फोड़ की. आरोप है कि मोबाइल टावर के लिए रखे डीजल का इस्तेमाल कर दलान में आग लगा दी गई. (Rohtas Yogiya Murder Case) परिसर में खड़ी कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया गया. आगजनी और हिंसा के बाद हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
View on Instagram
दलान से शराब बरामदगी
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अजीत तिवारी के दलान की तलाशी ली. स्थानीय सूत्रों के अनुसार तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में विदेशी शराब की खाली बोतलें और कुछ सीलबंद महंगी अंग्रेजी शराब की बोतलें मिली हैं. हालांकि पुलिस ने अब तक (Rohtas Ajit Tiwari Murder Case) इस बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. बरामद सामग्री को जब्त कर जांच की जा रही है.

रातभर डीजे और फायरिंग का दावा
ग्रामीणों का कहना है कि घटना से एक रात पहले आरोपी के दलान पर देर रात तक तेज आवाज में डीजे बज रहा था. उनका दावा है कि उसी दौरान कई राउंड फायरिंग की आवाज भी सुनाई दी थी. (Rohtas Murder Case Arrest Explained) कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बुधवार सुबह आरोपी ने अपने पालतू कुत्ते को भी गोली मार दी, जिससे उसके पैर में चोट लगी. पुलिस ने घायल कुत्ते का उपचार कराया है. हालांकि इन दावों की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है.
Yogiya Village Murder : घटनास्थल से रायफल बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से एक रायफल भी बरामद की है, जिससे गोली चलने की पुष्टि होने की बात सामने आई है. (Rohtas Murder Case) मामले की जांच के दौरान पुलिस हत्या के कारण, फायरिंग, कथित शराब बरामदगी, आगजनी और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है. गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.

36 घंटे बाद नहर से मिला चंदेश्वर चौधरी का शव
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के योगिया गांव में मजदूर चंदेश्वर चौधरी हत्याकांड में पुलिस ने 36 घंटे बाद शव बरामद कर लिया. मुख्य आरोपी अजीत तिवारी की निशानदेही पर सुरतापुर गांव के पास नहर में तलाश अभियान चलाया गया. एसपी रौशन कुमार के निर्देश पर नहर का पानी कम कराने के बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों ने शव बरामद किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.

Ajit Tiwari Arrest : मुख्य आरोपी अजीत तिवारी गाजीपुर से गिरफ्तार
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी अजीत तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार हत्या के कारण, शराब बरामदगी, आगजनी, फायरिंग और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
आरोपी के परिवार और संपत्ति की जानकारी आई सामने
स्थानीय सूत्रों के अनुसार करीब 55 वर्षीय अजीत तिवारी के दो पुत्र हैं. एक पुत्र बाहर रहकर पढ़ाई करता है, जबकि दूसरा गांव में रहकर खेती-बाड़ी देखता है. ग्रामीणों का दावा है कि आरोपी के पास करीब 100 बीघा कृषि भूमि है. हालांकि पुलिस ने इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

Dinara Murder Case : गांव में तनाव बरकरार
घटना के बाद पूरे योगिया गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. बिक्रमगंज डीएसपी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. (Rohtas Yogiya Village Murder Explained) पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
36 घंटे तक नहर में सुराग तलाशती रही पुलिस, आरोपी की निशानदेही पर मिला मजदूर का शव
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By करुणा तिवारी
करुणा तिवारी पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इनके पास टीवी और डिजिटल मीडिया दोनों में अनुभव हैं. वर्तमान में करुणा तिवारी प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं.
डिजिटल पत्रकारिता में SEO-फ्रेंडली कंटेंट के अनुरूप समाचार लेखन और पाठकों की रुचि को ध्यान में रखते हुए आकर्षक एवं उपयोगी कंटेंट लिखती है. वे समाचारों के लिए प्रभावशाली हेडलाइन, सटीक सबहेडिंग और पाठकों की जरूरत के अनुरूप सरल एवं स्पष्ट भाषा का उपयोग करती हैं. समयबद्धता, तथ्यों की पुष्टि और निष्पक्षता उनके कार्य की प्रमुख विशेषताएं हैं.
इन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों पर काम करना पसंद है. चुनावी गतिविधियों, सरकारी योजनाओं, स्थानीय समस्याओं और आम लोगों से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी नजर रहती है. उनका मानना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि समाज को सही, संतुलित और भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध कराना भी है.
लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने की सोच के साथ करुणा तिवारी आधुनिक डिजिटल पत्रकारिता की नई तकनीकों और ट्रेंड्स को अपनाते हुए पाठकों तक गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय कंटेंट पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










