रोहतास के बिक्रमगंज से संतोष चंद्रकांत की
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुई पंचायत के योगिया गांव में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. आरोप है कि करीब 55 वर्षीय मजदूर चंद्रेश्वर चौधरी को गांव के ही अजीत तिवारी ने अपने घर बुलाया, जहां उन्हें गोली मार दी गई. घटना के बाद आरोपित कथित रूप से चंद्रेश्वर चौधरी का शव टाटा सफारी वाहन में लेकर फरार हो गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
घटना के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपित के घर में आग लगा दी. आग लगने से घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के कारण स्थिति तनावपूर्ण बनी रही.
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हालात को नियंत्रित करने के लिए बिक्रमगंज डीएसपी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
रायफल बरामद, शव और आरोपित की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल से एक रायफल बरामद की है, जिससे गोली चलने की पुष्टि होने की बात सामने आई है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस न तो आरोपित को गिरफ्तार कर सकी थी और न ही मृतक के शव की बरामदगी हो सकी थी. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
गांव में तनाव, पुलिस की अपील
घटना के बाद पूरे योगिया गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
