Weather Update : पटना में फिर बदला मौसम का मिजाज, गर्मी-उमस से लोगों को मिली राहत, बिहार के 11 जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा का अलर्ट

Updated:
विज्ञापन

Ai Generated image

पटना में मौसम का मिजाज बदला है, तापमान में गिरावट और गर्मी-उमस से राहत मिली है. वहीं, बिहार के 11 जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है.

विज्ञापन

Patna Weather Update : पटना में 19 अगस्त की सुबह से ही मौसम का मिजाज सुहाना बना हुआ है. आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल रही है. राजधानी में मौसम का बदला मिजाज मानसून की सक्रियता का असर दिखा रहा है. वहीं बिहार के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी समेत सभी जिलों में छिटपुट बारिश की संभावना जतायी है. इस बीच राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है.

Image
IMD

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खासकर किसानों को बारिश और वज्रपात के दौरान खेतों में जाने से बचने की सलाह दी गयी है. खुले स्थानों पर रहने वाले लोगों को भी मौसम खराब होने की स्थिति में सुरक्षित जगह पर रहने को कहा गया है.

पटना के आसपास भी हुई बारिश

बीते 24 घंटे के दौरान पटना सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई. राजधानी में 6.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. पटना के धनरूआ में 41.8 मिमी, दनियावां में 64.6 मिमी और पालीगंज में 40 मिमी बारिश हुई. गया जिले के इमामगंज में सबसे अधिक 122.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

पटना समेत आसपास छाए बादल

मंगलवार को पटना और आसपास के इलाकों में दिनभर घने बादलों की आवाजाही बनी रही. कई जगहों पर छिटपुट बारिश भी हुई. लखीसराय में हवा की अधिकतम रफ्तार 56 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गयी. बारिश और तेज हवा के कारण कई इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा.

मानसून ट्रफ के कारण बनी है बारिश की स्थिति

मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है. मानसून ट्रफ फिरोजपुर, देहरादून, वाराणसी, डेहरी और झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. इसके प्रभाव से बिहार में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की गतिविधियां जारी हैं.

अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के अधिकतर हिस्सों में छिटपुट वर्षा हो सकती है. इस दौरान तापमान में भी गिरावट आने का पूर्वानुमान है. इससे पटना समेत कई जिलों में लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है.

20-21 अगस्त को भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 और 21 अगस्त को भी बिहार में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. 20 अगस्त को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर के अलावा सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में भी मौसम खराब रहने की संभावना जतायी गयी है.

इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. वहीं पटना में फिलहाल बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश के कारण मौसम सुहाना बना हुआ है. अगले एक-दो दिनों तक राजधानी में भी मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना है.

Also Read : मनेर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दूसरे बाइक सवार की भी मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम



विज्ञापन
रागिनी शर्मा

लेखक के बारे में

By रागिनी शर्मा

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन