पटना: वायरल फोटो विवाद में खूनी झड़प, गोली लगने से युवक गंभीर; नौबतपुर के गांव में तनाव का माहौल

Updated:
विज्ञापन
गोली लगने से युवक गंभीर

गोली लगने के बाद युवक एम्स में भर्ती

Patna Crime: नौबतपुर के बड़की टंगरेला गांव में एक फोटो वायरल करने के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. इस झड़प में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Patna Crime: नौबतपुर थाना क्षेत्र के बड़की टंगरेला गांव में शुक्रवार की सुबह फोटो वायरल करने के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई झड़प में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और गोलीबारी की घटना हुई. इसमें मनोज पासवान का 22 वर्षीय पुत्र रूपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली उसके बाएं हाथ की उंगली में लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे पटना एम्स रेफर कर दिया.

फोटो वायरल करने के आरोप से शुरू हुआ विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद की शुरुआत करीब एक महीने पहले हुई थी. आरोप है कि गुड्डू कहार के बेटे गुलशन कुमार और उसके साथी राहुल कुमार ने गांव के पिंकू पासवान की बेटी की एडिट की गई तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी. उस समय पंचायत के हस्तक्षेप से मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना हुआ था.

पहले भी हो चुकी थी मारपीट

ग्रामीणों के मुताबिक करीब 15 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. इस मामले में नौबतपुर थाना और अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ.

बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को मारी गोली

परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह पिंकू पासवान की बेटी घर में अकेली थी. इसी दौरान गुलशन कुमार और राहुल कुमार ने उसके साथ छींटाकशी की. शोर सुनकर उसका चचेरा भाई रूपक कुमार बीच-बचाव करने पहुंचा. इसके बाद आरोपित दर्जन भर लोगों के साथ लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान कट्टे से फायरिंग की गई, जिसमें रूपक कुमार घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि घायल युवक का इलाज पटना एम्स में चल रहा है और उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है. परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.'

Also Read: बिहार में फेक न्यूज और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के खिलाफ होगी फास्ट कार्रवाई, IG-DIG को मिले नए अधिकार


विज्ञापन
Sumit Kumar Naubatpur

लेखक के बारे में

By Sumit Kumar Naubatpur

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन