पटना: ई-रिक्शा से पहुंचे चोर, दवा व्यवसायी के फ्लैट का ताला तोड़ा, 16 लाख के जेवरात समेत 4.50 लाख नकद ले उड़े

Updated:
विज्ञापन

बाहर रेकी करता चोर, सीसीटीवी में कैद

राजधानी पटना में चोरों ने एक दवा व्यवसायी के फ्लैट को निशाना बनाया. ई-रिक्शा से पहुंचे तीन चोरों ने लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

Patna News : पटना जिले के कदमकुआं थाना क्षेत्र के पश्चिमी लोहानीपुर स्थित पार्वती अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 201 में चोरों ने दिनदहाड़े बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. यहां रहने वाले दवा व्यवसायी मनीष गुप्ता के फ्लैट का ताला तोड़कर बदमाश करीब 15 से 16 लाख रुपये के गहने और 4.50 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 20.50 लाख रुपये बताई जा रही है.

दस मिनट में फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की

घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे की है. तीन बदमाश ई-रिक्शा से अपार्टमेंट पहुंचे और महज 10 मिनट में फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी कर फरार हो गए. घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज में चोरों के साथ ई-रिक्शा की तस्वीर सामने आई है. पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.

व्यवसायी दुकान पर, पत्नी बच्चे को लेने गई थी स्कूल

घटना के समय मनीष गुप्ता अपनी जीएम रोड स्थित दवा दुकान पर थे. उनकी पत्नी दोपहर करीब 1:25 बजे बच्चे को स्कूल से लेने के लिए घर से निकली थीं. करीब 10 मिनट बाद 1:35 बजे जब वह वापस फ्लैट पर पहुंचीं तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला.

घर के अंदर जाने पर चोरी की जानकारी हुई. बदमाशों ने इसी करीब 10 मिनट की अवधि में वारदात को अंजाम दिया. इतनी कम अवधि में चोरी होने से आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों को परिवार के आने-जाने के समय की जानकारी थी.

दो चोर अंदर घुसे, एक कर रहा था रेकी

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बदमाश ई-रिक्शा से पार्वती अपार्टमेंट पहुंचे थे. इनमें दो चोर फ्लैट के अंदर घुसे, जबकि तीसरा बाहर रहकर रेकी कर रहा था. दोनों ने ताला तोड़कर घर में रखे कीमती जेवरात और करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद समेटे और ई-रिक्शा से फरार हो गए.

घटना की जानकारी मिलने के बाद मनीष गुप्ता ने डायल 112 को सूचना दी.

डायल 112 पर औपचारिक जांच का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि सूचना के बाद डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन केवल औपचारिक जांच करने के बाद उन्हें थाना जाकर शिकायत दर्ज कराने की बात कहकर चली गई. आरोप है कि इसके बाद कदमकुआं थाने से कोई पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर छानबीन के लिए नहीं पहुंचा.

इसके बाद मनीष गुप्ता खुद कदमकुआं थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दी. पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है. घटनास्थल की एफएसएल टीम से जांच कराई गई है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है.

इसे भी पढ़ें: Bihar Prohibition Success Story: शराब ने छीना सब कुछ, जीविका दीदी की मदद और नशामुक्ति से यूं बदली ललन सिंह की जिंदगी


विज्ञापन
Nitish Kumar

लेखक के बारे में

By Nitish Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन