पटना मेट्रो स्टेशन पर ‘आतंकी हमला’ की मॉक ड्रिल, दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ऑपरेशन

आतंकवाद निरोधक मॉक ड्रिल का अभ्यास
पटना के आईएसबीटी मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को आतंकवाद निरोधक मॉक ड्रिल आयोजित की गई. एटीएस, एसटीएफ, एसडीआरएफ समेत कई एजेंसियों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया. दो घंटे तक चले अभ्यास में दो ‘आतंकी’ ढेर और तीन गिरफ्तार दिखाए गए. ड्रिल का उद्देश्य आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता परखना था.
Patna News: पटना के फुलवारी शरीफ स्थित पाटलिपुत्र बस टर्मिनल (आईएसबीटी) मेट्रो स्टेशन परिसर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पांच आतंकियों के मेट्रो स्टेशन में घुसने की सूचना फैली. देखते ही देखते पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया और सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया.
एटीएस जवानों ने रैपलिंग कर परिसर में किया प्रवेश
सूचना मिलते ही एटीएस, एसटीएफ, एसडीआरएफ, बिहार पुलिस, अग्निशमन सेवा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. मेट्रो स्टेशन के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. इस दौरान एटीएस के जवानों ने रैपलिंग रोप के जरिए ऊंची इमारत से उतरकर मेट्रो परिसर में प्रवेश किया और आतंकियों को घेरने की कार्रवाई शुरू की.
गोलियों की गूंज से दहला इलाका
ऑपरेशन के दौरान दोनों ओर से फायरिंग की आवाजें गूंजने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. करीब दो घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को मार गिराने और तीन को जिंदा पकड़ने का अभ्यास किया. साथ ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और संदिग्ध क्षेत्रों की निगरानी का रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया गया.
मॉक ड्रिल था पूरी कार्रवाई
बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कोई वास्तविक आतंकी हमला नहीं था, बल्कि संयुक्त आतंकवाद निरोधक मॉक ड्रिल थी. इसका उद्देश्य किसी भी संभावित आतंकी या आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, आपसी समन्वय और त्वरित कार्रवाई क्षमता का परीक्षण करना था.
कई एजेंसियों ने लिया हिस्सा
पटना सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी टू रंजन कुमार ने बताया कि मेट्रो स्टेशन जैसे संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी. इसमें बिहार पुलिस, एटीएस, एसटीएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, अग्निशमन सेवा, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और पटना मेट्रो प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया.
आधुनिक हथियारों और रणनीति का प्रदर्शन
पूरे ऑपरेशन के दौरान आधुनिक हथियारों, सामरिक रणनीतियों और सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन किया गया. अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस तरह के सुरक्षा अभ्यास समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि मेट्रो सेवाएं पूरी तरह सुरक्षित और विश्वसनीय बनी रहें.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस के 6 IPS अब केंद्र में संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी, आईजी रैंक के लिए चुने गए
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










